जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज दिल्ली में आयुष, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और जल संसाधन राज्य मंत्री श्री हर्ष सिंह के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। श्री हर्ष सिंह का नई दिल्ली में एक निजी अस्पातल में उपचार चल रहा है। मंत्री डॉ. मिश्रा ने श्री हर्ष सिंह के उपचार के संबंध में वरिष्ठ ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. युगल किशोर मिश्रा से भी चर्चा की। मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने राज्य मंत्री श्री हर्ष सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जयंत मलैया ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने गरीबों की भलाई के अनेक निर्णय लिये हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 3 वर्ष में दमोह जिले में करीब 2 लाख परिवार को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिये जायेंगे। श्री मलैया आज दमोह में नि:शुल्क गैस वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चयनित हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरित किये।

राज्य सरकार के जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में समाज के प्रत्येक तबके की भलाई के लिये कार्य किये गये हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को एक रुपये किलो पर गेहूँ, चावल और नमक उपलब्ध करवाया जा रहा है। शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिये बड़ी संख्या में स्कूल भवन तैयार किये जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को नि:शुल्क जाँच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवायी गयी है। गरीबों की कैंसर, हार्ट जैसी गंभीर बीमारी का इलाज सरकारी खर्च पर किया जा रहा है। इस मौके पर विधायक श्री लखनलाल पटेल एवं जन-प्रतिनिधि मौजूद थे    


स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह की उपस्थिति में डिण्डौरी के बरगांव के विशाल चिकित्सा शिविर में कृत्रिम अंग वितरित किए गए और दिव्यांगों का उपचार किया गया।

वन, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार 4 अक्टूबर को रायसेन जिले के ग्राम उचेर, मढ़वाई, मढ़ा, ऐरन और धनियाखेड़ी में कन्या-पूजन में शामिल होंगे। डॉ. शेजवार ग्राम बारला में जन-प्रतिनिधियों से मिलने के बाद देर रात भोपाल लौट आयेंगे।

राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने ग्वालियर में एकीकृत आवास एवं मलिन बस्ती विकास योजना में हितग्राहियों को नव-निर्मित आवासों की चाबी सौंपी। इस मौके पर राज्यपाल श्री ओम प्रकाश कोहली केन्द्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया उपस्थित थे।

जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपर संचालक और अपर सचिव जनसंपर्क श्री एच.एल.चौधरी की माताजी श्रीमती रजनी देवी चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मंत्री डॉ. मिश्रा ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल चौधरी परिवार को यह दुख सहन करने  की सामर्थ्य देने की विनती ईश्वर से की है।

जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पशुपालन, मछुआ कल्याण मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य और नर्मदा घाटी विकास एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लालसिंह आर्य को कृषि केबिनेट में सदस्य मनोनीत किया गया है। राज्य शासन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

MARI themes

Powered by Blogger.