शिवराज का दावा US के शहरों से बेहतर होंगे एमपी के शहर

गौरतलब है कि पिछले साल 24 अक्टूबर को चौहान ने मध्यप्रदेश की सड़कों को अमेरिका की सड़कों से बेहतर बताया था

शिवराज का दावा US के शहरों से बेहतर होंगे एमपी के शहर

मध्य प्रदेश में जल्द ही चुनावी बिगुल बजने वाला है. ऐसे में राज्य के नेता तमाम लोक लुभावने वादे जनता से कर रहे हैं. इसी कड़ी में रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ऐसा ही एक वादा जनता से किया. उन्होंने कहा कि वह मध्य प्रदेश के शहरों को अमेरिका के शहरों से भी ज्यादा अच्छा बना देंगे.

सागर में नगर विकास के राज्य-स्तरीय पर्व को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा, 'मध्य प्रदेश के शहरों को अमेरिका के शहरों से भी अच्छा बना देंगे.' उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों को आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार शहरों को संवारने का काम लगातार कर रही है.

कार्यक्रम को संबोधित करने से पूर्व शिवराज सिंह ने 14,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत के नगरीय विकास कार्यों का ई-शिलान्यास और ई-लोकार्पण भी किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि आगामी पांच सालों में मध्य प्रदेश के नगर देश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और उन्नत नगर होंगे.

गौरतलब है कि पिछले साल 24 अक्टूबर को चौहान ने मध्य प्रदेश की सड़कों को अमेरिका की सड़कों से बेहतर बताया था. चौहान ने वाशिंगटन डीसी की सड़कों की हालत पर निराशा जताते हुए कहा था, 'जब मैं वाशिंगटन डीसी एयरपोर्ट पर उतरा और सड़क यात्रा की तो मैंने महसूस किया कि मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं.' इस पर सोशल मीडिया में चौहान की बहुत किरकिरी हुई थी. बता दें कि मध्य प्रदेश में साल के आखिर में चुनाव होने हैं. ऐसे में तमाम राजनीतिक दल चुनावों की तैयारी में जुटे हैं.