डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देगी राज्य सरकार - मुख्यमंत्री

मंथन न्यूज़ भोपाल -देश तेजी से बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को सफल बनाने के प्रयासों में मध्यप्रदेश सबसे आगे है। मध्यप्रदेश सरकार डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। प्रदेश के व्यापारियों को 5 लाख प्वाइंट ऑफ सेलिंग (पीओएस) मशीनें उपलब्ध करवाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने डिजिटल इंडिया अभियान के लांचिंग कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कही।

  • मध्यप्रदेश में कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिये उच्च स्तरीय समिति की गई गठित।
  • कालेधन, आतंकवाद और भ्रष्टाचार की समस्या का स्थायी समाधान है डिजिटल इंडिया ड्राइव।
  • डिजिटल इंडिया कार्यक्रम में शामिल होंगे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और राष्ट्रीय सेवा योजना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजमर्रा के आर्थिक व्यवहार में नगदी की आवश्यकता को सीमित करने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश के व्यापारियों को 5 लाख प्वाइंट ऑफ सेलिंग (पी.ओ.एस.) मशीनें कैसे उपलब्ध करवाई जायें। इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा छात्रों और किसानों को ‘डायरेक्ट बेनीफिट’ स्कीम से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बड़े नोट बंद कर आतंकवाद की कमर तोड़ दी है। इससे कालेधन और भ्रष्टाचार की समस्या नियंत्रित हुयी है।
श्री चौहान ने कहा कि आम जन द्वारा कैशलेस लेन देन को बढ़ावा देने के लिये सूचित और शिक्षित करने के प्रभावी प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस आर्थिक क्रांति को दूरस्थ अंचलों तक ले जाने में यह अभियान सफल होगा। क्योंकि अभियान के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना के अनुशासित, उत्साहित और राष्ट्रभक्त स्वयं सेवी जुड़े हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि दुनिया में भारतीय जनता की साक्षरता भले ही कम हो किन्तु समझदारी में वह दुनिया में सबसे आगे है।
                                                                पूनम पुरोहित