आजादी के इतिहास को दोबारा लिखवाना चाहिए : विजय शाह


vijay shah के लिए इमेज परिणामभोपाल -देश की आजादी के इतिहास को दोबारा लिखवाना चाहिए। इसमें संशोधन करना चाहिए, तभी आने वाली पीढ़ी को सही जानकारी मिल पाएगी। जिन लोगों ने देश की आजादी में अंगुली तक नहीं कटवाई, उनका नाम शहीदों में शामिल है और जिन्होंने चित्थड़े उड़वाएं उनका नाम तक नहीं शामिल है।
यह बात स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण समारोह में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई में राज्य सरकार धन की कमी नहीं आने देगी। मेधावी बच्चों के उच्च अध्ययन की फीस की प्रतिपूर्ति भी राज्य सरकार करेगी। स्कूल शिक्षा मंत्री ने शनिवार को उत्कृष्ट विद्यालय के नवनिर्मित 100-100 सीटर बालक एवं बालिका के छात्रावास का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के लिए गौरव की बात है कि यहां के छात्र विवेक साहू ने फाइटर पायलट बनने में सफलता हासिल की है। उन्होंने जनजाति वर्ग के रघुनाथ और शंकर शाह, टंट्या भील की वीरता का विशेष रूप से उल्लेख किया। इस अवसर पर आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय जयश्री कियावत ने कहा कि इन विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को आईआईटी, आईआईएम जैसे राष्ट्रीय शिक्षण संस्थान में प्रवेश के लिए कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
मंत्री ने कई घोषणाएं की
स्कूल शिक्षा मंत्री शाह ने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को सुना और कई घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए बेड के अलावा टेबल-कुर्सी भी दी जाएगी। साथ ही छात्रावास भवनों में सौर ऊर्जा का उपयोग कर गर्म पानी समेत अन्य सुविधाएं विद्यार्थियों को दी जाएगी। छात्रावास में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अतिरिक्त यूनिफार्म दिए जाने की भी घोषणा की।