राजस्थान भाजपा अध्यक्ष को लेकर फिर दिल्ली में होगी लॉबिंग

vasundhara raje bjp 04 05 2018जयपुर। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का निर्णय आलाकमान ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव तक टाल दिया है। मगर, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे खेमा अब भी अपनी पसंद का अध्यक्ष बनवाने को लेकर लॉबिग में जुटा है।
वसुंधरा राजे खेमा राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में तय किए गए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्र सिह शेखावत को स्वीकारने के लिए तैयार नहीं है। यही वजह है कि राजस्थान बीज निगम के अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ राजपूत नेता शंभूसिह खेतासर के नेतृत्व में राजपूत नेताओं का एक दल दिल्ली गया है।
खेतासर की अगुवाई में दिल्ली गए नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे। दिल्ली गए नेता शाह और अन्य राष्ट्रीय नेताओं को प्रदेश के जातिगत समीकरण समझाते हुए शेखावत को अध्यक्ष नहीं बनाने का आग्रह करेंगे।
शेखावत को अध्यक्ष बनने से रोकने के लिए जोधपुर में राजपूत समाज का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी वसुंधरा खेमा रणनीति बना रहा है। खेतासर इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय नेतृत्व तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा कि शेखावत के अतिरिक्त अन्य कई राजपूत नेता वसुंधरा राजे के साथ हैं। गौरतलब है कि पहले भी दिल्ली में इस मुद्दे को लेकर लॉबिंग की जा चुकी है।