काग्रेस की सविधान बचाओ यात्रा के समापन में बांटे गए सिंधिया विरोधी पर्चे, मचा हड़कंप!

भोपाल. कांग्रेस संविधान बचाओ जन जागरण यात्रा का समापन शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में किया गया। इस दौरान यात्रा में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता पदाधिकारी भी शामिल हुए। मामला उस समय गरमा गया जब कांग्रेस की सभा में सिंधिया विरोधी पर्चे बंटे गए। पर्चा बांटने वाला खुद को अशोकनगर का पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अशोक शर्मा बता रहा है।


बताया जा रहा है कि सिंधिया विरोधी पर्चे बांटने वाले हरिओम शर्मा, दिग्विजय सिंह और पूर्व विधायक बलवीर कुशवाह का समर्थक है। इस दौरान अशोकनगर में सिंधिया समर्थकों पर सत्ता बचाओ संविधान बचाओ यात्रा को असफल करने का भी आरोप लगा। पर्चे में दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह और अजय सिंह को कोलारस और मुंगावली में चुनाव जीतने का श्रेय दिया है। पर्चे में ये भी लिखा है कि अकेले सिंधिया को जीत का श्रेय देना अतिश्योक्ति।


संविधान बचाओ जन जागरण यात्रा कांग्रेस द्वारा 7 मई से प्रारंभ हुई थी। यह यात्रा मध्य प्रदेश के 51 जिले, 600 गांव 40 दिन, 8000 किलोमीटर की रही। यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजमणि पटेल ने किया। शुक्रवार को पीसीसी में यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ सहित अनेक नेता शामिल हुए। पत्रिका से बातचीत में कमलनाथ ने कहा कि सरकार घोटाले की लीपापोती में जुटी है। मामले की निष्पक्ष जांच होना चाहिए। कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की है।


गौरतलब है कि संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के जन्मदिवस 14 अप्रैल से कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर "संविधान बचाओ अभियान" चला रही थी। इसके तहत प्रदेश में 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जन्मस्थली महू में इस अभियान का आगाज किया गया था। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय सिंह परिहार ने बताया, केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा संविधान के मूल भावना के साथ छेड़-छाड़ कर कुत्सित प्रयास किया जा रहा है उससे पूरे देश में जिस तरह से हिंसा एवं अराजकता का माहौल पैदा हो रहा है।


संवैधानिक मूल्यों को समाप्त करने, सामाजिक ताने-बाने की समरस्ता को छिन्न-भिन्न करने तथा अपनी विचारधारा को जबरिया दूसरों पर थोपने का सुनियोजित षडयंत्र किया जा रहा है। साथ ही सरकार द्वारा असहिष्णुता का वातावरण तैयार कर देश की अखंडता पर खतरा पैदा किया जा रहा है। प्रत्येक कांग्रेसजन का आम जनता के लिए दायित्व हैं कि वह भारत की अखंडता, अक्षुण्ण बनाए रखने में साथ मिलकर इस षड्यंत्र को नाकाम करने के लिए पुरजोर प्रयास करें। इसके लिए सभी अपने जिला एवं ब्लाक इकाईयों में संविधान बचाओ अभियान के तहत, रचनात्मक, बौद्धिक आयोजनों के साथ, नुक्कड़ सभाएं, रैलियां, गोष्ठियां एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को जागरुक करें ।