शिवपुरी : डकैतों की धमक एक बार फिर से अंचल में दिखाई देने लगी है, जिले के अमोला थाना अंतर्गत ग्राम कोंडर चौकी अमोलपठा में आज रात बंदूकधारी बदमाशों के 5 सदस्यीय गिरोह ने सशस्त्र डकैती कर शिक्षक के परिवार को अपने निशाने पर ले लिया। पुलिस बदमाशों की संख्या चार बता रही है जबकि पीडि़त परिवार का कहना है कि बंदूक धारी 5 की संख्या में थे। घटना के 24 घण्टे के बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है।
घटना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुुए प्रावि कोंडर में पदस्थ शिक्षक बादाम सिंह पुत्र हरीराम पाल ने बताया कि वे अपने परिवार के अन्य सदस्य कल्लू, श्रीपत, सतेन्द्र, मोहन सिंह, मनोज, रणवीर के साथ घर के बाहर सो रहे थे, तभी रात्रि लगभग 12 से 1 के बीच में पांच डकैत जिनमें चार पर बंदूकें और एक पर लुहांगी थी, वहाँ आ धमके और बंदूक के जोर पर परिवार के सदस्यों को अपने घेरे में ले लिया, दो बदमाश छत पर चढ़ गए जबकि एक मुख्य दरवाजे पर खड़ा हो गया है और दो उन्हें अंदर बाखर में ले गए। अंदर गए डकैतों में से एक ने घर में घुसकर खाना तलाशी लेना शुरू कर दी और यहाँ से डेढ़ तौले का सोने हार, दो वेंदा सोने के, एक जोड़ी कड़े 700 ग्राम चांदी के, 10 हजार रुपए नगद अपने कब्जे में कर लिया। ये बदमाश लूटपाट कर रही थी तभी परिवार की एक बहू पिछले दरवाजे से भागकर गाँव में जा पहुंची और उसने ग्रामीणों को आवाज लगाना शुरू कर दिया जिस पर गाँव में जगार हो गई और ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिस पर यह गिरोह हड़बड़ा गया और मौके से भाग खड़ा हुआ। बादाम पाल का कहना है कि डकैत जाते जाते उसका मोबाइल भी अपने साथ ले गए जो बाद में स्विच ऑफ बता रहा है। इस घटना की सूचना तत्काल ही अमोलपठा पुलिस को दी। पुलिस रात में ही घटना स्थल पर पहुंच गई, अमोला थाना प्रभारी भी मौके पर आ गए। सुबह घटनास्थल पर एसडीओपी बी.पी. तिवारी और शिवपुरी से एडी टीम भी गाँव जा पहुंची जो डकैतों की तलाश में जुट गई, हालांकि पुलिस ने इस मामले में घटना की गम्भीरता को कम करने के लिए बदमाशों की संख्या चार बता रही है। पुलिस ने इस मामले में डकैती की कायमी न करते हुए बलात गृह भेदन की धारा 382, 458 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Post a Comment