: गुजरात से बढ़कर हिमाचल की सरकार ने काम किया है, राहुल गांधी के इस बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि यदि उन्हें हिमाचल प्रदेश का यही मॉडल स्वीकार है तो उन्हें बधाई पर प्रदेश की जनता ने इसे रिजेक्ट किया है। यह बात धूमल ने शनिवार को हमीरपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने राहुल गांधी की रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर रैली का जवाब देने को रखी थी और दावा किया था कि उस रैली से भी बड़ी रैली करेंगे। कल के मीडिया बयान में मुख्यमंत्री ने भी यही कहा था की भव्य रैली होगी। धूमल ने कहा कि अगर सारे सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर भी यही भीड़ जुटाई जाए तो हैरानी है। उन्हें सूचना मिली कि राहुल की रैली मे दस हजार के करीब ही लोग जुटे थे।
धूमल ने कहा की राहुल की इस रैली से यह संदेश भी प्रदेश के शासकों को मिल गया होगा कि आम नागरिक ने कांग्रेस सरकार को आईना दिखा दिया है। साथ ही जो घोषणाएं, निर्णय, शिलान्यास, बिना बजट और बिना डीपीआर बनाए कांग्रेस सरकार अंतिम समय में कर रही थी, उन्हें प्रदेश की जनता ने रिजेक्ट कर दिया है।
उन्होंने जीएसटी में दी गई रियायतों पर प्रदेश की जनता की ओर से व पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
धूमल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ने अपनी तुलना गुजरात के मुख्यमंत्री से करके कहा था कि मैं छठी बार का सीएम हूँ और मोदी तीन बार के। वो तुलना तब भी कांग्रेस को भारी पड़ी थी तब चारों लोकसभा सीटें कांग्रेस ने हारी थीं। अब राहुल ने फिर तुलना की है, तो फिर से कांग्रेस की विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार होगी।
इस अवसर पर पार्टी जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर, प्रदेश सचिव विजय पाल सोहारू, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री, जिला कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, हरीश शर्मा, दीपक शर्मा इत्यादि उपस्थित थे ।

Post a Comment