मंथन न्यूज दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 37वीं बार रेडियो कार्यक्रम मन की बात को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने देश के कुछ हिस्सों में संपन्न हुए छठ पूजा का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि आस्था के महापर्व छठ में उगते सूर्य की उपासना और डूबते सूर्य की पूजा का सन्देश अद्वितीय संस्कार से परिपूर्ण है। पीएम ने कहा कि भारत ने हमेशा शांति का संदेश दिया है। दुनिया के देशों में भारतीय सुरक्षा बलों की तारीफ हुई है। उन्होंने न केवल दुनिया की रक्षा की है बल्कि उनका दिल भी जीता है। पीएम ने कहा कि सरदार पटेल ने देश के एकीकरण की नींव रखी
उन्होंने कहा कि दीपावली के छह दिन बाद मनाए जाने वाला महापर्व छठ, हमारे देश में सबसे अधिक नियम निष्छा के साथ मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक है। छठ पूजा सूर्य और जल, महापर्व छठ की उपासना के केंद्र में हैं, तो बांस और मिट्टी से बने बर्तन और कंदमूल, इनकी पूजन-विध से जुड़ी अभिन्न सामग्रियां हैं।
खादी-हैंडलूम
पीएम ने खादी का जिक्र करते हुए कहा कि गांधी जयंती पर मैं हमेशा हैंडलूम के लिए खादी के लिए वकालत करता रहता हूं। इसका परिणाम ये हुआ कि इस महीने 17 अक्तूबर को ‘धनतेरस’ के दिन दिल्ली के खादी ग्रामोद्योग भवन स्टोर में लगभग एक करोड़ बीस लाख रुपये की रिकॉर्ड बिक्री हुई है। उन्होंने कहा कि खादी और हैंडलूम ग़रीब से ग़रीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाते हुए उन्हें सशक्त बनाने का, शक्तिशाली साधन बनकर के उभर रहा है। पीएम ने कहा कि खादी और हैंडलूम ग्रामोदय के लिए बहुत बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
भारतीय सेना का जिक्र
पीएम मोदी ने जवानों का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार जम्मू-कश्मीर के गुजेज सेक्टर में सुरक्षाबलों के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि जहां हमें मौका मिले जब मौका मिले हमारे जवानों के अनुभव जानने चाहिए, उनकी गौरवगाथ सुननी चाहिए। हमारे सुरक्षा-बल के जवान, न सिर्फ़ हमारे बॉर्डर पर, बल्कि विश्वभर में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भारत के सुरक्षा बलों ने विभिन्न देशों में न सिर्फ लोगों की रक्षा की है बल्कि पीपल फ्रेंडली ऑपरेशन कर उनका दिल भी जीत लिया।
पीएम ने कहा कि कॉन्गो और दक्षिण सूडान में भारतीय सेना के अस्पताल में 20 हजार से अधिक रोगियों का इलाज किया गया है और अनगिनत लोगों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत की भूमिका सिर्फ पीस किपिंग ऑपरेशन तक ही सीमित नहीं है बल्कि भारत के लगभग 85 देशों के शांति दूतों को प्रशिक्षण देने का भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ये आसान काम नहीं है। हमारे सुरक्षा-बल के जवानों को दुर्ग इलाकों में जा करके काम करना पड़ता है। भिन्न-भिन्न परिस्थितियों और अलग-अलग संस्कृति को जानना-समझना पड़ता है। वहां की स्थानीय जरूरतों, माहौल के अनुरुप खुद को ढालना पड़ता है। जनरल थिमैय्या जो भारतीय सेना के भी प्रमुख रहे, ने साइप्रस में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन सेना को नेतृत्व किया।
संयुक्त राष्ट्रदिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र दिवस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर को विश्वभर में यूएन डे मनाया गया। विश्व में शांति स्थापित करने के लिए यूएन के प्रयासों, उसकी सकारात्मक भूमिका को हर कोई याद करता है। हम तो वसुधैव कुटुम्बकम को मानने वाले हैं। यानी पूरा विश्व हमारा परिवार है। पीएम ने कहा कि भारत पहला देश था जिसने लाइबेरिया में संयुक्त राष्ट्र के शांति-अभियान मिशन में महिला पुलिस यूनिट भेजी थी।
बाल दिवस की शुभकामना
एक सज्जन ने अपने संदेश के माध्यम से कहा कि 14 नवंबर को प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन मनाया जाता है। लेकिन, उसी दिन विश्व डायबिटीज डे मनाया जाता है। इस चुनौती से निपटने के लिए हम क्या कर सकते हैं। इस पर प्रधानमंत्री ने बाल दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारी शारीरिक सक्रियता कम हुई है, बस जरूरत है छोटी-छोटी चीजों को करने की, इसको कंट्रोल कर सकते हैं। खुले मैदान में खेलें, पूरा परिवार के साथ वॉक करें. युवा मित्र योग करें। यह कोई भी किसी भी उम्र में किया जा सकता है। डायबिटीज कंट्रोल करने में योग बहुत प्रभावी है।
भारतीय खिलाड़ियों और प्रदर्शन की सराहना
प्रधानमंत्री ने खेल के क्षेत्र में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ की। हॉकी और बैडमिंटन खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि इससे देशवासियों को गर्व करने के मौके मिले हैं। मोदी ने फीफा अंडर-17 वर्ल्ड के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए भी संबंधित संस्थाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि FIFA Under-17 World कप में खिलाड़िओं और दर्शकों के उत्साह से देश में फुटबॉल का भावी बहुत उज्ज्वल है, इसके संकेत नजर आने लगे हैं।
स्वच्छ भारत मिशन
पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत के बारे में बताया कि लोगों का उत्साह और भागीदारी के किस्से बहुत उत्साहवर्धक और प्रसंसनीय हैं।
गुरुनानक जयंती
उन्होंने आने वाले 4 नवंबर को गुरुनानक जयंती मनाने की बात कही और कहा कि नानक ने महिला सशक्तिकरण और जाति उन्मूलन के लिए काम किया. लंगर की शुरुआत की, इससे जाति उन्मूलन में बड़ी मदद की। उन्होंने कहा कि 2019 में हम गुरुनानक देव की 2019 में 550वां प्रकाश पर्व मनाने जा रहे हैं।
सरदार पटेल ने देश के एकीकरण की नींव रखी
आधुनिक भारत की नींव रखने वाले सरदार वल्लभ पटेल की जयंती मनाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे जटिल से जटिल समस्या का व्यावहारिक हल ढूंढ़ने में महारत रखते हैं। उनके प्रयासों की वजह से आधुनिक भारत का स्वरूप साकार हो सका। उनका जन्मदिन हम राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रहे हैं। उनकी जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश भर के हर वर्ग के लोग शामिल होंगे। मेरा आग्रह है कि आप इसमें लें।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (29 अक्तूबर, 2017) को ‘मन की बात’ कर रहे हैं। पीएम मोदी की 'मन की बात' का यह 37वां संस्करण है।
Post a Comment