इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी कराए जाएंगे छात्रसंघ चुनाव

election student 25 10 2017पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -राज्य सरकार प्रदेश के पीजी कॉलेजों के बाद इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारी कर रही है। हालांकि इनकी चुनाव प्रक्रिया पीजी कॉलेजों के नतीजे सामने आने के बाद घोषित की जाएगी। इससे पहले इंजीनियरिंग कॉलेजों में परीक्षा और उसकी तैयारी की स्थिति भी देखी जाएगी। यदि परीक्षाएं प्रभावित होने की स्थिति बनी तो चुनाव अगले साल होंगे।
तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दीपक जोशी छात्रसंघ चुनाव के पक्ष में हैं। उन्होंने पिछले साल पीजी और इंजीनियरिंग कॉलेजों में चुनाव कराने को कहा था। छात्र संगठन भी इसकी मांग कर रहे थे। इसलिए सरकार ने पीजी कॉलेजों के चुनाव घोषित कर दिए। इन कॉलेजों में 30 अक्टूबर को चुनाव कराए जा रहे हैं। पीजी कॉलेजों के चुनाव के परिणाम आने के बाद इंजीनियरिंग कॉलेजों में चुनाव की प्रक्रिया घोषित की जाना है।
देरी हुई तो अगले साल होंगे
विभाग के अफसरों का कहना है कि पीजी कॉलेजों की चुनाव प्रक्रिया देरी से घोषित होने के कारण चुनाव में भी देरी हो गई है। इतने पर ही प्राइवेट पीजी कॉलेजों में चुनाव कराने को लेकर हाईकोर्ट का निर्णय आ गया। यदि प्राइवेट कॉलेजों में अलग से चुनाव होते हैं तो नवंबर अंत तक चुनाव प्रक्रिया चलेगी। ऐसे में इंजीनियरिंग कॉलेजों में परीक्षा की स्थिति देखकर चुनाव की घोषणा की जाएगी।
प्रक्रिया में देरी हुई
हमें सितंबर तक पीजी कॉलेजों के चुनाव संपन्न् होने की उम्मीद थी। इसके हिसाब से इंजीनियरिंग कॉलेजों में चुनाव कराने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अब पीजी कॉलेजों की प्रक्रिया में देरी हो गई है। इसलिए पहले परीक्षा की स्थिति देखेंगे। यदि परीक्षाएं प्रभावित होती हैं तो चुनाव अगले शैक्षणिक सत्र में ही कराए जाएंगे। 
- दीपक जोशी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), तकनीकी शिक्षा विभाग