पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल-विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने केंद्र सरकार से मांग की है कि यदि जीएसटी के लिए रात को बारह बजे कानून लाया जा सकता है तो कांग्रेस समेत सभी पार्टियों को बुलाकर गौरक्षा के लिए भी कानून बनाया जाए।
गौ-हत्या पर तीखा हमला करते हुए तोगड़िया ने कहा कि गौ-हत्या के खिलाफ कानून होने के बाद भी एक वर्ग गाय की हत्या कर रहा है। तोगड़िया रविवार को बजरंग दल के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह में हिस्सा लेने भोपाल आए थे। छोला दशहरा मैदान पर हुई सभा में उन्होंने कहा कि हम सबसिडी नहीं मांग रहे, हम तो गाय की रक्षा की मांग कर रहे हैं।
गौरक्षा के लिए एक केंद्रीय कानून की जरूरत है। गाय की हत्या देश के प्रशासन की विफलता है। राम मंदिर निर्माण की प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि जब तक राम मंदिर नहीं बन जाता, तब तक हिंदू का कोई स्वाभिमान नहीं है। उन्होंने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों के जमाने में राम मंदिर नहीं बन पाया, यह समझ आता है, लेकिन हम आज भी राम मंदिर नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबर का नाम भारत में कहीं नहीं रहेगा।
किसानों की हालत खराब
तोगड़िया ने मप्र समेत देशभर में किसानों की खराब हालत पर सरकार की आलोचना की। तोगड़िया ने कहा कि मप्र के होशंगाबाद में किसानों की हालत खराब है। देशभर में तीन लाख किसानों ने गरीबी की वजह से आत्महत्या कर ली है। पश्चिम बंगाल सरकार पर तोगड़िया ने निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल पाकिस्तान बन गया है। लोग अपनी सुरक्षा के लिए घर छोड़ रहे हैं।

Post a Comment