15 साल बाद विश्वविद्यालय कैडर में अधिकारियों की सीधी भर्ती करेगा पीएससी

मंथन न्यूज़ भोपाल -विश्वविद्यालय कैडर के अधिकारियों के लिए 15 साल बाद सीधी भर्ती होने जा रही है। पीएससी ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों में सहायक कुलसचिव की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। इससे पहले अंतिम बार 2003 में इस पद पर नियुक्ति की गई थी।
mppsc university cadre 201854 91419 04 05 2018प्रदेश के विश्वविद्यालयों में अरसे से भर्ती नहीं होने से तमाम विश्वविद्यालयों में सहायक कुलसचिव के पद खाली पड़े हैं। इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में कुल छह पद हैं और सभी खाली हैं। अब सहायक कुलसचिव के कुल 29 पदों के लिए मप्र लोकसेवा आयोग ने विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन परीक्षा और फिर इंटरव्यू के जरिए पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन होगा। 15 जुलाई को परीक्षा होगी। उम्मीदवार पीएससी में अपने आवेदन 10 मई से 9 जून तक जमा कर सकेंगे।
उम्मीदवारों को सामान्य अध्ययन के साथ शिक्षा और प्रशासन विषय की परीक्षा में पास होना होगा। मेरिट सूची से तीन गुना उम्मीदवारों का इंटरव्यू के लिए चयन होगा और इंटरव्यू के आधार पर अंतिम मेरिट व चयन सूची जारी होगी। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार प्रज्ज्वल खरे के मुताबिक 15 साल से नियुक्ति नहीं होने से प्रदेश के विश्वविद्यालयों में अधिकारियों की कमी से काम प्रभावित हो रहा है। अधिकारी संघ वर्षों से शासन से दो मांग कर रहा था। एक मांग अब पूरी हो गई है। दूसरी मांग पूर्व में नियुक्त अधिकारियों को पदोन्नति के जरिए रजिस्ट्रार के खाली पद भरने की है। उम्मीद है जल्द ही दूसरी मांग भी पूरी होगी।
महू विश्वविद्यालय के पद जारी
पीएससी ने महू के आंबेडकर विश्वविद्यालय में भी एसोसिएट प्रोफेसर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। कुल 32 पदों पर भर्ती की जाएगी। इससे पहले यूनिवर्सिटी ने सीधे अपने स्तर पर ही प्रतिनियुक्ति व अन्य आधार पर पद भरने की कोशिश की थी। हालांकि मामला मीडिया में आने के बाद अब पीएससी खुली भर्ती करवा रहा है।