क्या भाजपा ने हिंदू धर्म का ठेका ले रखा है : कमलनाथ

scindia kamalnath bhopal 01 05 2018मंथन न्यूज़ भोपाल -मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि भाजपा वाले दूसरों के मंदिर जाने पर सवाल करते हैं क्या उन्होंने हिंदू धर्म का ठेका ले लिया है। वहीं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि हिंदू धर्म भाजपा की बपौती नहीं है। हिंदू धर्म हिंदुस्तान का धर्म है। ये वो हिंदुस्तान है, जिसने धर्म निरपेक्षता, उदार विचारधारा और सांप्रदायिक सद्भाव को जन्म दिया है।
कमलनाथ और सिंधिया ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में यह बात कही। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि आज के नौजवानों को ठेका या कमीशन नहीं, रोजगार चाहिए। मप्र में कई इन्वेस्टर मीट हुईं, लेकिन पता नहीं प्रदेश में कितना निवेश आया है।
प्रदेश की आर्थिक गति रुकी
कमलनाथ ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक गति रुक गई है। उन्होंने सरकार पर जीडीपी बढ़ने के दावे पर तंज कसा कि मैं केंद्र में वाणिज्य मंत्री रहा हूं और जीडीपी के बारे में जानता हूं। जीडीपी को जैसा चाहे वैसे ही इस्तेमाल किया जा सकता है। खेती, रोजगार या विकास से जोड़कर जीडीपी के आंकड़े तैयार किए जा सकते हैं।
धार में आरक्षक भर्ती की तस्वीर भाजपा की असली पहचान
कमलनाथ ने मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कहा कि अभी सबके सामने मध्यप्रदेश का भविष्य दिखाई दे रहा है। व्यक्ति पर ध्यान नहीं है। सरकार बनाने पर जोर है। वहीं सिंधिया ने धार के आरक्षक भर्ती परीक्षा में सीने पर एससी-एसटी लिखे जाने को लेकर फिर कहा कि भाजपा की असली पहचान यही है कि वह लोगांे को जातियों में बांटती है। कांग्रेस विकास, अमन-चैन की दिशा देने के लिए काम करेगी।
मप्र कांग्रेस कमेटी में पांच नियुक्तियां, शेखर उपाध्यक्ष गोयल कोषाध्यक्ष
मप्र कांग्रेस कमेटी में कमलनाथ के अध्यक्ष पद संभालते ही जहां पांच नियुक्तियां की गईं। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मप्र कांग्रेस के प्रभारी दो और सचिवों की नियुक्ति हुई हैं। जानकारी के मुताबिक पीसीसी का उपाध्यक्ष (संगठन प्रभार) चंद्रप्रभाष शेखर, कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल, मीडिया कमेटी का चेयरमैन मानक अग्रवाल, कार्यालय प्रबंधन राजीव सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा को बनाया है।
उधर, एआईसीसी ने प्रभारी सचिव के रूप में मप्र में दो और नेताओं हर्षवर्धन सपकाल और वर्षा गायकवाड़ की नियुक्ति की है। अभी प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया के साथ दो प्रभारी सचिव संजय कपूर व जुबेर खान काम देख रहे थे।