आम आदमी की बड़ी 'उड़ान' आज से, जानें खास बातें

udan 27 04 2017पूनम पुरोहित  मंथन न्यूज़ दिल्ली -ढाई हजार रुपए में 500 किलोमीटर की हवाई यात्रा करवाने वाली रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम 'उड़ान' गुरुवार से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली फ्लाइट को शिमला से दिल्ली के लिए रवाना करेंगे। एक नजर योजना से जुड़ी बड़ी बातों पर -
1. UDAN का सही मतलब: योजना को उड़ान (UDAN) नाम दिया गया है, जिसका पूरा अर्थ है, 'उड़े देश का आम नागरिक'। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे शहरों को एक-दूसरे से जोड़ना और आम भारतीयों को सस्ती हवाई यात्रा मुहैया करवाना है।
2. किराए का पूरा गणित: 2500 रुपए में फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट से 1 घंटे में 500 किमी की यात्रा कराई जाएगी। इसी किराए में दूसरा विकल्प हेलीकॉप्टर से 30 मिनट की यात्रा का है। अन्य रुट पर भी इसी हिसाब से किराया तय किया होगा। हर फ्लाइट की आधी सीटें 2,500 रुपए प्रति सीट प्रति घंटा के हिसाब से बुक की जाएंगी। इसके अलावा न्यूनतम नौ सीट और अधिकतम 40 सीट की कीमत बोली के आधार पर तय की जाएगी। मोटे तौर पर इन सीटों का किराया 5000 से 20,000 रुपए के बीच रहेगा।
3. दुनिया में अपने तरह की पहली योजना: पीएमओ के अनुसार, यह दुनिया में अपनी तरह की पहली योजना है। इसका ऐलान अक्टूबर 2016 में किया गया था। आज से यह साकार होने जा रही है।
4. 128 रुट्स, 70 एयरपोर्ट: स्कीम के तहत पांच एयरलाइन्स सेवाएं देंगी। ये हैं- एयर इंडिया की सहायक एयरलाइन एलाइड सर्विस, स्पाइसजेट, एयर डेक्कन, एयर ओडिशा और टर्बो मेगा। इनके 19 से 78 सीटर एयरक्राफ्ट 70 एयरपोर्ट के जरिए 128 रुट्स पर उड़ान भरेंगे।
5. 20 राज्यों को फायदा: इन सस्ती उड़ानों से 20 राज्यों की जनता को फायदा होगा, जिनमें शामिल हैं- मध्यप्रदेश, पंजाब, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी।
6. सरकार यूं रखेगी नजर: मोदी सरकार ने योजना को अमली जामा पहनाने के लिए समिति गठित की है। विभिन्न मंत्रालयों को जोड़कर बनाई गई यह समिति राज्य सरकारों और सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय का काम करेगी। मालूम हो, योजना के तहत केंद्र सरकार प्रति सीट करीब 2350 रुपए से 5100 रुपए की सब्सिडी दे रही है।
7. एयरलाइन्स को मिलेगी ऐसी छूट: केंद्र सरकार वैट और सर्विस टैक्स पर छूट देगी। सिक्योरिटी और फायर सर्विस का जिम्मा राज्य सरकार का रहेगा। इन फ्लाइट्स के लैंडिंग, पार्किंग और टर्मिनल नेविगेशन चार्जेस में माफ होंगे।