मंथन न्यूज़ नई दिल्ली। तीनों नगर निगम के लिए 270 सीटों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो चुका है। आम से लेकर खास आदमी तक सभी वोट डालने मतदान बूथों तक पहुंच रहे हैं। वहीं, वोट डालने के बाद कई दिग्गज नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। जानते हैं किस नेता ने क्या कहा।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने राजौरी गार्डन में वोट डालने के बाद कहा कि लोग समझदारी वाली सरकार के लिए कांग्रेस को वोट करेंगे। हम बहुत आशावादी हैं। हर जगह से अच्छी रिपोर्ट आ रही हैं। लोगों को समझ आ गया है कि अच्छी सरकार कांग्रेस ही दे सकती है।
वहीं, सिविल लाइंस में वोट डालने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि वे गंदगी के खिलाफ डेंगू व चिकनगुनिया मुक्त दिल्ली के लिए ज्यादा से ज्यादा वोट करें। गौरतलब है कि केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे डेंगू व चिकनगुनिया वाली पार्टी बताया है।
भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर में वोट डालने के बाद आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल के बारे में कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है। वो अपनी विश्वशनीयता खो चुके हैं। दिल्ली की जनता विवेकपूर्ण है। जो भी निर्णय करेगी सही है। अगर, भाजपा ने कुछ काम नहीं किया, तो परिणामों में पता चल जाएगा।
भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में मोदीजी की लहर है, जो ओडिशा, झारखंड, बंगाल होते हुए दिल्ली पहुंची है। उनके मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने लोगों को सिर्फ बेवकूफ बनाया है। विजेंद्र गुप्ता ने दावा किया कि भाजपा 200 से ऊपर सीटें जीतेगी।
उधर, वोटिंग के बीच दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आज परीक्षा का दिन है। जनता अपना फैसला सुना रही है। हमें फैसले का इंतजार है। थोड़े से नर्वस हैं, लेकिन विश्वास का अंश ज्यादा है। आपको बता दें कि आज मनोज तिवारी ने सुबह उठकर सबसे पहले पूजा-अर्चना किया, उसके बाद चुनावी मैदान में उतरे।
पांडव नगर में वोट डालने के बाद आप नेता व दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने स्वच्छता के लिए मतदान किया है। एमसीडी में भ्रष्टाचार एक मुद्दा है। डेंगू और चिकनगुनिया सभी के लिए खतरा है। वहीं, उन्होंने एक बार फिर ईवीएम पर भी सवाल उठाए।
अरविंद केजरीवाल के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पिछले दस सालों से भाजपा ने दिल्ली का कूड़ा किया है। दिल्ली को सफाई चाहिए। नगर निगम चुनाव में बड़े करीब से लोगों ने भाजपा के निकम्मेपन को देखा है। अगर ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
वहीं, केजरीवाल सरकार के एक अन्य मंत्री कपिल मिश्रा ने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में तीनों मेयर आम आदमी पार्टी के ही होंगे।
उधर, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल भी ग्रेटर कैशाल के पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे। उनके साथ उनकी उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। अनिल बैजल ने लोगों से वोट डालने की अपील की।

Post a Comment