एयर इंडिया में परिचारिका हैं राष्ट्रपति बेटी, सुरक्षा के चलते लगाई ग्राउन्ड ड्यूटी

 दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की बेटी स्वाति सरकारी विमान कंपनी एयर इंडिया में परिचारिका हैं। वह अब तक विमान में ही अपनी सेवाएं दे रही थीं, लेकिन जब से रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बने हैं, तब से सुरक्षा कारणों से उनकी ग्राउन्ड ड्यूटी लगाई गई है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यह फैसला उनकी सुरक्षा के चलते लिया गया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया राष्ट्रपति की बेटी स्वाती एयर इंडिया के बोइंग 787 और बोइंग 777 उड़ानों में कैबिन क्रू के पद पर तैनात थीं, लेकिन अब सुरक्षा कारणों को देखते हुए उन्हें एयर इंडिया के मुख्यालय में समन्वय विभाग में तैनात किया गया है।
आपको बता दें कि सन 2007 में विलय के बाद से यह विभाग भूतपूर्व इंडियन एयरलाइंस और एयर इंडिया के कर्मचारियों के एकीकरण का काम कर रहा है। विमानन कंपनी से जुड़े एक सूत्र ने कहा एक राष्ट्रपति की बेटी के तौर पर मुझे नहीं लगता है कि वह उड़ान सेवा में चारों ओर सुरक्षाकर्मियों के साथ अपनी ड्यूटी कर सकती हैं। इसके लिए कई यात्रियों की सीटें ब्लॉक करना होता जो संभंव नहीं है। आपको बता दें कि जब रामनाथ कोविंद देश के 14वें राष्ट्रपति बने, तब स्वाति ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और यूएस जैसे लंबे रूट पर उड़ने वाले एअर इंडिया के बोइंग 777 और 787 एयरक्राफ्ट में एयर होस्टेस थी। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, एयर इंडिया के एक सूत्र ने बताया स्वाति हमारे सबसे अच्छे क्रू मेंबर्स में से एक हैं। वह कभी अपने नाम के साथ ‘कोविंद’ नहीं लिखती हैं। उनके ऑफिशियल रिकॉर्ड्स में भी मां का नाम सविता और पिता का नाम आरएन कोविंद लिखा गया है।
स्वाति के मामा सी. शेखर एयरलाइन से इन-फ्लाइट सुपरवाइजर के तौर पर रिटायर हुए हैं। शेखर एअर इंड‍िया केबिन क्रू एसोसिएशन (एआईसीसीए) के उपाध्यक्ष थे। अपनी पहचान छुपाने की बात पर उन्होंने कहा कि बचपन से ही पिता ने उन्हें स्वावलंबी बनने की सीख दी है, इसलिए अपनी पहचान छिपाई। जब रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली तो 10 अकबर रोड पर उनकी पत्नी सविता, बेटी स्वाति, बेटे प्रशांत के अलावा पोता-पोती और बहू भी मौजूद थे। उस समय स्वाति ने बताया था कि कभी नहीं सोचा था कि मेरे पिता राष्ट्रपति बनेंगे।