पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -शिवराज सिंह सरकार में भी उत्तरप्रदेश की तर्ज पर जल्दी ही दो उप मुख्यमंत्री बनाये जा सकते हैं। यह विचार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व संघ के प्रमुखों के बीच चल रहा है। ऐसा विचार इसलिये आया है कि जिस तरह से विपक्ष विशेष रूप से कांग्रेस मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को घेरकर हमले कर रही है और सिंधिया राज परिवार के बयान के बाद वह विवादास्पद हो गये हैं, उस डेमेज कंट्रोल को रोकने के लिये क्यों न उप मुख्यमंत्री बना दिये जाये। 
इससे मुख्यमंत्री पर विपक्ष के हमले कम होंगे। वहीं राज्य की प्रशासनिक लॉबी पर नकेल कसी जा सकेगी। अभी प्रशासनिक अधिकारी मुख्यमंत्री तक के आदेशों को अमलीजामा पहनाने में कोताही बरतने लगे हैं, जिससे राज्य में कार्यकर्ता व जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी तरह का विचार हरियाणा से भी उठा है, वहां भी भाजपा की सरकार है। वैसे यह बता दें कि यू.पी. में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के संग दो उप मुख्यमंत्री बनाये गये हैं।
म.प्र. में जिन दो नेताओं के नाम उप मुख्यमंत्री के रूप में उभरे हैं, उसमें सबसे पहला नाम जनसम्पर्क, जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा व दूसरा नाम गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह का है। इन दोनों को ही उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। वैसे भी यह दोनों मुख्यमंत्री के संकटमोचक के रूप में जाने जाते हैं। इसके अलावा लोकनिर्माण व खनिज संसाधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ला भी इसके लिये जोड़-तोड़ कर रहे हैं। हालांकि अभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इसके लिये (उपमुख्यमंत्री) के लिये तैयार नहीं है क्योंकि वह जानते हैं कि इससे निकट भविष्य में उनकी गद्दी को खतरा हो सकता है लेकिन फिर भी पार्टी आलाकमान विशेषकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल इसके बारे में जल्दी ही विचार कर उप मुख्यमंत्री की योजना को म.प्र. में मूर्त रूप दे सकते हैं।

Post a Comment