पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -राज्य सरकार के आदेश के बाद राजधानी में शुक्रवार से दीनदयाल रसोई योजना शुरू हो रही है। इसमें पांच रुपए में भोजन की थाली मिलेगी। यहां कोई भी व्यक्ति पांच रुपए का टोकन लेकर भोजन कर सकेगा।
शहर में पहली रसोई यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क स्थित आश्रय स्थल में शुरू होगी। पार्क में महापौर आलोक शर्मा की मौजूदगी में इसकी शुरुआत होगी। निगम अधिकारियों ने बताया कि सीएम एक साथ प्रदेश के कई शहरों में इस योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत रोजाना दो हजार थाली भोजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। डिमांड बढ़ने के बाद और सेंटर खोले जाएंगे। निगम ने रसोई का जिम्मा दिल्ली की घनश्याम सेवा समिति को सौंपा है। समिति भोपाल के साथ ही सतना और जबलपुर में भी दीनदयाल रसोई चलाएगी। थाली में 400 ग्राम भोजन दिया जाएगा। इसमें चार रोटी, सब्जी और दाल होगी। दीनदयाल रसोई और उसमें बनने वाले भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग के लिए जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति को अधिकृत किया गया है।
- ये होगा थाली में
थाली में 400 ग्राम भोजन दिया जाएगा। इसमें चार रोटी, एक सब्जी और एक दाल शामिल रहेगी।
- चार घंटे मिलेगा भोजन
यहां रोजाना सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक दो हजार लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की जाएगी। रसोई में एक बार में 50 से 60 लोग खाना खा सकेंगे। इसके लिए करीब 400 वर्ग फीट के हॉल में 16 टेबल लगाई गई हैं। लोगों को ठंडा पानी भी मिलेगा, जिसके लिए वाटर कूलर भी लगाया गया है। साथ ही यहां पंखे और कूलर का भी इंतजाम रहेगा।
- मशीनों से बनेगा खाना
इतने बड़े पैमाने पर खाना पकाने के लिए रसोई का काम आधुनिक मशीनों से किया जाएगा। आलू छीलने और सब्जी काटने की मशीनों के साथ ही रोटी बनाने की मशीन लगाई गई है। रसोई के लिए उपभोक्ता भंडार से सरकारी रेट पर राशन मिलेगा। वहीं नगर निगम की ओर से बिजली बिल भरने के साथ ही यहां पानी की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी।

Post a Comment