केजरीवाल को सीख देने के बाद बोले कपिल मिश्रा, खुलासे से परेशान हो सकते हैं कुछ मंत्री

मंथन न्यूज  दिल्ली में अरविंद केजरीवाल मंत्रिमंडल से हटाए जाने वाले कपिल मिश्रा ने इशारों में अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. एक दोहा शेयर करते हुए उन्होंने केजरीवाल और उनके करीबियों पर सवाल उठाए.

कपिल रविवार को 11.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे. इससे पहले वे दिल्ली एलजी से मुलाक़ात भी कर सकते हैं. उधर, कपिल की मां ने कहा कि उनका बेटा ईमानदार है और झुकने वाला नहीं. उसे बीजेपी में चले जाना चाहिए.

कपिल ने ट्विटर पर केजरीवाल को सीख देते हुए कहा, 'मंत्री, वैद्य और गुरु यदि ये तीन डर या फायदे की वजह से प्रिय बोलते हैं तो राज्य, शरीर एवं धर्म तीनों का जल्दी ही नाश हो जाता है.' बता दें कि कपिल मिश्रा ने रविवार को टैंकर घोटाला पर बड़ा खुलासा करने की बात कही है..

खुलासे से परेशान हो सकते हैं कुछ मंत्री 

कपिल ने कहा केजरीवाल सरकार के कुछ मंत्री उनके खुलासे से परेशान हो सकते हैं. इससे पहले कपिल ने शनिवार को भी कहा था कि भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने की वजह से उन्हें मंत्रिपद से हटाया गया. उन्होंने कहा है कि मेरे खुलासे से केजरीवाल सरकार के कई मंत्री फंसेंगे.

कौन हैं कपिल मिश्रा

कपिल मिश्रा आम आदमी पार्टी के विधायक हैं. उन्हें केजरीवाल सरकार में जलमंत्री बनाया गया था. माना जाता है कि कपिल कुमार विश्वास के करीबी हैं. पिछले कुछ दिनों से कुमार विश्वास और केजरीवाल के बीच खींचतान की खबरें आ रही हैं. कपिल ने खुलकर कुमार विश्वास का समर्थन किया था. इसे उन्हें हटाने की एक बड़ी वजह भी माना जा रहा है.

केजरीवाल सरकार ने शनिवार को कैलाश गहलोत और राजेंद्र गौतम को उनकी जगह मंत्रीमंडल में जगह दी है. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने दिल्ली में वाटर क्राइसिस को उनके हटने की वजह बताया है.