इंडियन एयरफोर्स ने खारिज किया दावा, कहा- सियाचिन के पास नहीं उड़े पाकिस्तानी लड़ाकू विमान

मंथन न्यूज दिल्ली सियाचिन ग्लेशियर के पास आज (24 मई) पाकिस्तानी एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों के उड़ान भरने की खबर को भारतीय वायुसेना ने खारिज कर दिया है। सेना ने कहा कि सियाचिन में भारत की ओर किसी पाकिस्तानी लड़ाकू विमान ने उड़ान नहीं भरी है। इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया था कि पाकिस्तानी सेना ने अपने सभी अग्रिम एयरबेस को अॉपरेशनल कर दिया है। उन्होंने सियाचिन के आकाश में पाकिस्तानी वायुसेना के विमानों के उड़ाने भरने की बात भी कही थी। टीवी रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के वायुसेनाध्यक्ष भी सियाचिन पहुंचे हैं और उन्होंने वहां एक लड़ाकू विमान भी उड़ाया। एलओसी पर लगातार सीजफायर उल्लंघन और भारतीय सैनिकों के शवों के साथ बर्बरता किए जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में काफी तनाव आ चुका है।

मंगलवार को एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें भारतीय सेना नौशेरा और नौगाम सेक्टर में पाकिस्तान की कुछ चौकियों को तबाह करती नजर आ रही थी। भारतीय सेना द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया था कि ये ऑपरेशन पाकिस्तान की तरफ से होने वाले सीजफायर और घुसपैठ के जवाब में किया गया था। सेना ने इस ऑपरेशन में रॉकेट लॉन्चर, एंटी टैंक मिसाइल और ऑटोमेटिक हथियारों का भी इस्तेमाल किया था।

नौशेरा में भारतीय सेना ने उड़ाई LOC पर पाक सेना की चौकिया

 

हालांकि, बाद में पाकिस्तानी सेना ने इस तरीके के किसी हमले से इनकार कर दिया था। खबरों के मुताबिक, सेना ने जो वीडियो जारी किया वह 9 मई का है, जिसे नौशेरा सैक्टर में अंजाम दिया गया। इसके अलावा नौगाम सेक्टर में 20 और 21 मई को कार्रवाई की गई थी। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा था कि पाकिस्तानी सेना हथियारबंद घुसपैठियों को कश्मीर में घुसने में मदद कर रही है। मेजर जनरल नरूला ने बताया कि भारतीय सेना एलओसी के आसपास दंडात्मक कार्रवाई कर रही है।

मेजर जनरल नरूला ने कहा था, ‘पाकिस्तानी सेना कई बार मासूम गांववालों पर गोलीबारी से भी बाज नहीं आती।’ मेजर जनरल नरूला ने यह भी कहा था कि जम्मू-कश्मीर में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने की जरूरत है, ताकि स्थानीय युवक इनसे प्रभावित न हों। 21 मई को भारतीय सेना ने नौगाम सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश विफल कर दी थी और चार आतंकवादियों को मार गिराया था। मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो जवान भी मारे गए थे।