सिंहस्थ में थी आतंकी हमले की आशंका : शिवराज सिंह

cm 2017129 02550 28 01 2017मंथन न्यूज़ भोपाल -'सिंहस्थ को लेकर दिल्ली से इनपुट था कि आतंकी हमले हो सकते हैं। बेहद सावधानी बरतनी होगी। ऐसे में वहां पहुंच रहे करोड़ों लोगों की चिंता बनी रही।"
सिंहस्थ संपन्न होने के करीब सात महीने बाद सख्त सुरक्षा इंतजामों को लेकर ये खुलासा किया खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने। वह शनिवार को राजधानी के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में सिंहस्थ ज्योति पदक और रुस्तमजी पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने सिंहस्थ में काम करने वाले 75 अधिकारियों-पुलिसकर्मियों को सिंहस्थ ज्योति पदक और 40 को रुस्तमजी पुरस्कार दिए। शेष 25 हजार पुलिसकर्मियों को सिंहस्थ ज्योति पदक जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नए आवास बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह को भी पदक दिया और कहा कि वे 73 दिन तक उज्जैन में ही डटे रहे। मुख्य सचिव बीपी सिंह को भी सीएम ने सिंहस्थ ज्योति पदक दिया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुलिसकर्मियों के परिजनों के बीच पहुंचे और जहां बच्चों व परिजनों ने उनके साथ सेल्फी ली। कार्यक्रम में गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह, राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता व सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग भी उपस्थित थे। सिंहस्थ पदक न मिलने को लेकर होमगार्ड जवानों के विरोध की बात भी सामने आई।
मीडिया का सॉफ्ट टारगेट होती है पुलिस 
पुलिसकर्मियों के काम में चुनौतियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा पुलिस का काम ऐसा होता है कि अच्छे काम की चर्चा कम और गलती हो जाए तो छाए रहते हैं। मीडिया का भी सॉफ्ट टारगेट पुलिस ही होती है।
नशे के कलंक से मप्र को मुक्त करना चाहता हूं
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे चाहते हैं कि मप्र को नशे के कलंक से मुक्त करवा सके। उन्होंने कहा इसे लेकर डीजीपी को निर्देश दिए हैं कि वे गुजरात, बिहार का अध्ययन करवाए। मुख्यमंत्री बोले मैं आंख बंद कर कदम नहीं उठाना चाहता। सिमी आतंकियों के फरार होने के बाद पुलिस द्वारा उन्हें कुछ घंटों में की कार्रवाई की भी तारिफ की।
विषम और भ्रमित मन:स्थिति में भी काम कर रही है पुलिस 
डीजीपी ऋषि कुमार शुक्ला ने पुलिस की व्यथा दो उदाहरणों से रखी। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की शिकायत थी कि एक थाना प्रभारी अवैध रेत खनन पर काईवाई नहीं कर रहे, जरूर मिलीभगत होगी, वहीं दूसरे जनप्रतिनिधि की शिकायत थी कि दूसरे थाना प्रभारी रेत खनन पर ज्यादा ही कार्रवाई कर रहे हैं, जरूर अधिक अवैध वसूली हो रही है। डीजीपी बोले इन विषम परिस्थितियों में और भ्रमित करने वाली मन:स्थिति में भी हमारे पुलिसकर्मचारी व अधिकारी मन लगाकर काम कर रहे हंै।
                             पूनम पुरोहित