आज नीतीश को ताकत दिखाएंगे शरद, तीर के निशान पर भी ठोकेंगे दावेदारी

मंथनन्यूज पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार में जदयू के महागठबंधन छोड़ भाजपा से हाथ मिलाने का मुखर विरोध कर रहे शरद यादव शनिवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित सम्मेलन के जरिये अपनी ताकत दिखाएंगे।

 

माना जा रहा है कि उन्होंने नीतीश कुमार को खुली चुनौती देने के मकसद से इस सम्मेलन का आयोजन किया है जिसमें नीतीश के फैसले से विक्षुब्ध नेताओं का जुटान करने का प्रयास है। इतना ही नहीं, शरद गुट ने पार्टी के नाम एवं चुनाव चिन्ह पर दावेदारी के लिए जल्द ही चुनाव आयोग में जाने का फैसला किया है। इससे स्पष्ट है कि जदयू में सुलह समझौते की सभी संभावनाएं खत्म हो गई हैं। 

 

पटना में सम्मेलन का उद्घाटन शरद यादव करेंगे। वे शनिवार को साढ़े दस बजे सांसद अली अनवर अंसारी और अरुण कुमार श्रीवास्तव के साथ पटना पहुंचंगे। अली अनवर ने नीतीश कुमार का बिना नाम लिये बताया कि दिल्ली में आयोजित साझी विरासत बचाओ सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता से भाजपा की गोद में जा बैठे जदयू नेताओं को अहसास हो गया होगा कि रियल जनता दल यू कौन है।

 

शनिवार को पटना में आयोजित सम्मेलन में रियल जनता दल यू के कार्यकर्ता और नेता आएंगे। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, नीतीश जी  भाजपा में समाहित जदयू का नेतृत्व कर रहे हैं। 

 

अनवर ने जदयू में विभाजन के सवाल पर कहा, इसकी जरूरत कहां है? रियल जदयू तो शरद यादव के साथ है। कल के सम्मेलन के उद्देश्य के बारे में उन्होंने कहा, बिहार में हमलोग दो तरह की बाढ़ की चपेट में हैं। एक बाढ़ तो नदी से निकलकर आई है, भले ही वो जलधारा नेपाल से आकर तबाही मचा रही है।

 

दूसरी धारा राजनीतिक नदी से त्रासदी फैला रही है उसमें कोर्स ही चेंज कर दिया है। वो धारा हम लोग समाजवादियों की है जो भाजपा की गोद में चली गई है। सम्मेलन में ऐसे समाजवादियों की बदली धारा के विकल्प पर विमर्श किया जाएगा। इस त्रासदी से जनता को उबारने का प्रयास करेंगे।

 

वैसे भी हमारे पास न केंद्र की, न राज्य सरकार की ताकत है कि जनता के बीच उडऩखटोले से हवाई सर्वेक्षण करेंं। जनता के दुख को बांटने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को जरूर लगाएंगे।  

 

पारिवारिक विरासत सम्मेलन कर रहे शरद : जदयू

जदयू ने शरद यादव के सम्मेलन पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे पारिवारिक विरासत सम्मेलन कर रहे हैं। इससे उन्हें कोई लाभ नहीं मिलेगा। पार्टी के प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा, शरद यादव को सम्मेलन के लिए खर्च करने की जरूरत नहीं थी।

 

उन्होंन कहा कि बेहतर होता वे लालू जी के आवास पर सम्मेलन कर लेते। सम्मेलन का औचित्य केवल अपने पुत्र का राजनीतिक समायोजन करना है। 

पूनम पुरोहित शिवपुरी

Manthannews.in@gmail.com

9827565468