दतिया के पास विकसित हो रहा मोदी नगर
जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र किया सीवर और पाइप लाईन कार्य का शिलान्यास
भोपाल मंथन न्यूज़
जनसंपर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र आज जब दतिया शहर से लगे हुए चितुवां में प्रधानमंत्री आवास के अंतर्गत बुनियादी सुविधाओं के शिलान्यास के लिए पहुंचे तो उन्होंने स्थानीय लोगों के सुझाव पर 320 आवासों की इस कालोनी का नाम मोदी नगर रखने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने चिरूला से सोनागिर तक सिटी बस संचालन प्रारंभ करने की भी घोषणा की। मंत्री डॉ. मिश्र ने एक करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से मार्ग निर्माण, सीवर और पेयजल के लिए पाईप लाईन स्थापित करने के कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने विद्युतिकरण के लिए भी राशि स्वीकृत करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री डॉ.मिश्र ने हितग्राहियों को आवासीय पट्टा और प्रथम किस्त की राशि प्रदान की।
जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपना घर हो, इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री आवास में हितग्राहियों को नि:शुल्क भूमि आवंटन और ढ़ाई लाख रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। मोदी नगर के लोग नेशनल हाईवे के समीप स्थित होने का लाभ भी लेंगे और पर्यावरण और सौंदर्यीकरण की दृष्टि से भी यह एक श्रेष्ठ नगर बनेगा। मंत्री डॉ.मिश्र ने कहा कि चितुवां के मोदी नगर से न्यू कलेक्ट्रेट तक रोड़ डिवाईडर पर सुविधायुक्त स्ट्रीट लाईट भी स्थापित होंगी। कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष श्री अवधेश नायक ने कहा कि जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्र के प्रयासों से मोदी नगर मूर्त रूप ले रहा है। कार्यक्रम में बताया गया कि चिरूला से सोनागिर तक दतिया का विस्तार हो गया है। कोर्ट भवन, दतिया मेडिकल कॉलेज, नए कलेक्ट्रेट भवन के पश्चात मोदी नगर दतिया के विकास की श्रृंखला में एक नवीन उपलब्धि है।
कार्यक्रम में दतिया जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Post a Comment