वीडियो : एसपी गौरव तिवारी ने लिया चार्ज, बोले- जिला बदला है, तेवर नहीं -

मंथन न्यूज़ छिंदवाड़ा- कटनी में हवालाकांड के बाद चर्चाओं में आए आईपीएस गौरव तिवारी ने रविवार को छिंदवाड़ा जिले के एसपी का चार्ज ले लिया है। इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों के सवालों पर कहा 'मेरे ऊपर कभी भी राजनैतिक दबाव नहीं रहा, मैंने हमेशा वही किया जिससे लोगों के मन में पुलिस को लेकर भरोसा कायम हो। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जिला बदला है, लेकिन उसी जोश के साथ छिंदवाड़ा में भी काम करूंगा।
gourav tiwari 15 01 2017
कटनी से जल्द तबादले के संबंध में एसपी तिवारी ने कहा कि मेरा तबादला काफी सुर्खियों में बना हुआ है। कटनी की जनता से मुझे जो लोकप्रियता मिली है, उसे बरकरार रखने की कोशिश करूंगा और जनता की आशा पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। वहां की जनता ने मुझे रोकने के काफी प्रयास भी किए। इसके लिए कोई राजनैतिक दबाव नहीं है, तबादले को राजनीतिक रंग देना गलत है। अधिकारियों के निर्देश पर मैं यहां आया हूं। जहां भी मैं जाऊंगा उसी ऊर्जा और उसी अंदाज में काम करूंगा।
गौरव तिवारी ने भले ही रविवार को पदभार संभाला, लेकिन उनके नाम की चर्चा बीते एक हफ्ते से शहर में चलती रही। ये शायद पहला मौका है, जब किसी पुलिस कप्तान के आगमन को लेकर लोगों में इतनी उत्सुकता रही हो। इसकी वजह भी है, क्योंकि तेज तर्रार पुलिस प्रशासक की छवि वाले गौरव तिवारी का महज 6 महीने 4 दिन में कटनी से तबादला कर दिया गया।
रविवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान एसपी श्री तिवारी ने हर सवाल का बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि तबादले के कारण जगह बदलती है लेकिन अंदाज नहीं बदल सकता। मैं उसी ऊर्जा और लगन से यहां भी काम करूंगा। जनता के मन में पनप रहा पुलिस के प्रति डर निकालना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। पुलिस आम जनता से दोस्ताना रवैया अपनाकर हरदम उनके साथ रहेगी।
उन्होंने कहा कि आम जनता निडर होकर मुझसे मिलकर, मैसेज कर और वाट्सअप के जरिए समस्याओं से अवगत करा सकती है। मैं उनकी हर समस्या का समाधान करूंगा। जो रवैया इसके पूर्व कटनी में था। उसी जोश के साथ छिंदवाड़ा में भी काम करूंगा। छिंदवाड़ा की बिगड़ैल यातायात व्यवस्था, जुआ, सट्टा, गौवंश तस्करी, अवैध उत्खनन, कोल माइंस और अन्य काले काम करने वालों पर मेरी सीधी नजर रहेगी।     
                                                         पूनम पुरोहित