तुवर खरीदी को लेकर तय होगी रणनीति

मंथन न्यूज़ भोपाल -तुवर की कीमत में कमी देखते हुए प्रदेश सरकार राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के माध्यम से 25 हजार टन तुवर खरीदेगी। इसको लेकर सोमवार को सरकार रणनीति को अंतिम रूप देगी। केंद्र सरकार से इस खरीदी के लिए मांगी विशेष अनुमति भी सोमवार तक मिलने की उम्मीद है।
pulse 2017115 205521 15 01 2017
सूत्रों के मुताबिक इस बार प्रदेश में साढ़े दस लाख टन से ज्यादा तुवर की पैदावार की संभावना है। नोटबंदी और आवक बढ़ने के कारण बाजार में तुवर की कीमत ढाई से साढ़े तीन हजार रुपए क्विंटल पर आ गई है, जबकि इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार ने 5 हजार पचार रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया है।
किसानों को उपज का सही दाम न मिलने से सरकार ने बाजार में हस्तक्षेप करने के उद्देश्य से 25 हजार टन तुवर खरीदने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार खरीदी के लिए सैद्धांतिक तौर पर सहमत है।
सोमवार को केंद्र सरकार से जवाब मिल सकता है। इसके बाद खरीदी को लेकर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। तय किया गया है कि खरीदी केंद्र उन जगहों पर बनाए जाएंगे, जहां एफसीआई, नाफेड या किसानों के संगठन खरीदी नहीं कर रहे हैं।
                                            पूनम पुरोहित