अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल सरकार के एक पूर्व कानून मंत्री फर्जी डिग्री के मामले में फंसे हैं। परिवार कल्याण मंत्री दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। खाद्य आपूर्ति मंत्री रिश्वत लेते पकड़े गए थे। इनके 13 विधायकों पर अपराधिक मामले दर्ज हैं। फिर भी मुख्यमंत्री दिल्ली की जनता को जवाब नहीं देते।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश में आमूलचूल परिवर्तन किया है। एक नई कार्य संस्कृति की शुरुआत की है। तीन साल में विरोधी भी मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा पाए हैं।
शाह ने कहा कि चुनाव का मौसम आता है तो केजरीवाल वादों की झड़ी लगा देते हैं। बाद में कभी वाराणसी, कभी गोवा, कभी पंजाब, कभी दक्षिण तो कभी उत्तर पूर्व में मिलते हैं। जहां भी गए हारने का रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। 2014 में मोदी ने जो वादे किए थे उन सभी को पूरा किया जा रहा है। 2019 में जब भाजपा जनता के बीच जाएगी तो हाथ में घोषणापत्र लेकर जाएगी और प्रत्येक वादे का जवाब देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से हमारा सबसे पुराना नाता है। जनसंघ के समय में पहला नगर निगम चुनाव दिल्ली में जीते थे।
शाह ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 60 करोड़ का आवंटन करने के बाद आम आदमी कैंटीन नहीं बनी। दो लाख सार्वजनिक शौचालय बनाने थे। दो लाख छोड़िए, दो हजार का ही हिसाब दे दो तो काफी है। अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कार्यकर्तााओं से जीत का संकल्प लेने का आह्वान किया।
Post a Comment