-म्याना कस्बे के मुख्य मार्ग का कट गया थ संपर्क, भोपाल रेल मंडल सहित शिवपुरी एईएन मौके पर पह
म्याना कस्बे के मुख्य मार्ग पर बने रेल अंडरब्रिज में बारिश से गुरुवार सुबह पानी भर गया। पानी इतना था कि वाहन नहीं निकल पा रहे थे। गांव का मुख्य रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान हो गए। न तो गांव के बच्चे स्कूल जा पा रहे थे और न ही ग्रामीण खेतों पर। ऐसे में करीब 300 ग्रामीण पटरियों पर लेट गए। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या रेल प्रशासन को बता चुके हैं, लेकिन हमारी सुनवाई नहीं हो रही है। इधर ग्रामीणों के प्रदर्शन की खबर लगते ही म्याना पुलिस टीआई राकेश गुप्ता और जीआरपी गुना थाना प्रभारी रामपाल सिंह परिहार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। इस पर भोपाल रेल मंडल के इंजीनियर सुशील कुमार और शिवपुरी एईएन व्हीएस गौतम अमले के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी और पंप से अंडर ब्रिज में भरा पानी निकलवाया, तब कहीं जाकर ग्रामीण पटरी से हटे, इस दौरान ग्वालियर-बीना पैसेंजर ट्रेन को बदरवास स्टेशन पर ही काफी देर तक खड़ा रखा गया। बताया जाता है रेल मंडल भोपाल के डिवीजनल इंजीनियर सुशील कुमार रेल पटरियों का निरीक्षण करने शिवपुरी क्षेत्र में थे, जो ग्रामीणों के प्रदर्शन की खबर लगते ही तुरंत मौके पर पहुंचे।
आधे घंटे तक किया प्रदर्शन
नईसरांय रोड म्याना कस्बे की मुख्य सड़क है। रेलवे द्वारा यहां अंडर ब्रिज बनाया गया है। लेकिन पानी भरने की समस्या के कारण बरसात में यह रास्ता अक्सर बंद हो जाता है। ग्रामीण इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए रेलवे को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई थे। पूर्व में भी अंडर ब्रिज में पानी भरने की समस्या पर ग्रामीण प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन गुरुवार दोपहर को ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और वे रेल रोकने के लिए पटरियों पर लेट गए। ग्रामीणों का कहना था जब तब कि रास्ता नहीं खुलवाया जाएगा, हम पटरी से नहीं हटेंगे। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया।
पाइप में भरी हुई थी मिट्टी
पुलिया में भरे पानी को निकलाने पहुंचे रेल अधिकारियों ने पाया कि अंडर ब्रिज के पानी निकास पाइप में मिट्टी और कचरा फंसा हुआ था, जिसे जेसीबी और पंप की मदद से निकाला गया। म्याना रेल अंडरब्रिज ही नहीं रुठियाई, पगारा, धरनावदा सहित कई ग्रामीण इलाकों में भी रेल अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या है। शहरी क्षेत्र में बांसखेड़ी रेल फाटके पास बने नवीन अंडर पास में भी पानी भरने पर रास्ता बंद हो जाता है। इसके अलावा अशोकनगर रोड पर सिंगवासा तालाब के पास रेल अंडरब्रिज में भी यही समस्या है।
नोट-फोटो केप्शन
1307जीयूएनए-05-गुना। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को बमुश्किल समझाया और अंडरब्रिज में भरा पानी मोटर पंप से निकलवाया।

Post a Comment