धार स्टेशन शुरू होने तक टीही से हो सकेगा माल लदान

इंदौर। पश्चिम रेलवे ने पीथमपुर के उद्योगों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए टीही में माल लदान के लिए अस्थायी रूप से माल गोदाम की सुविधा देने की हामी भर दी है। जब तक धार और पीथमपुर में लाइन बिछाकर माल गोदाम नहीं बनाए जाते, तब तक टीही स्टेशन पर माल बुकिंग की सुविधा दी जाएगी।

इससे कंटेनर से नहीं भेजे जा सकने वाले सामान के परिवहन में आसानी होगी। माल गोदाम सुविधा शुरू होने से टीही स्टेशन के जरिए पीथमपुर के उद्योगपति ऑटोमोबाइल एक्सेसरीज, सीमेंट, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक और प्लास्टिक सामान आसानी से भेज सकेंगे।

सुरंग बनने में ही पांच साल लगेंगे, तब तक कैसे होगा माल लदान

जानकारों का कहना है रेल अफसरों का ये तर्क सही नहीं है कि इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत धार और पीथमपुर स्टेशनों में माल गोदाम बनाए जाएंगे, इसलिए टीही में माल गोदाम की जरूरत नहीं है।

सवाल ये है कि इंदौर-टीही रेल लाइन तो शुरू हो गई है, लेकिन टीही से पीथमपुर के बीच रेल लाइन बिछाने से पहले दो किलोमीटर लंबी सुरंग बनना है। इसके बनने में चार-पांच साल लगेंगे, क्योंकि इसके लिए अब तक कोई विशेष तैयारी नहीं हुई है। पीथमपुर से धार के बीच रेल लाइन डलने में भी काफी समय लगेगा, क्योंकि इंदौर-पीथमपुर-धार रेल लाइन की कनेक्टिविटी में भी चार-पांच साल लगेंगे। इतने साल तक उद्योगपति सामान परिवहन कैसे करेंगे?

जीएम ने खुद कहा टीही में माल लदान की व्यवस्था होगी

रेलवे बोर्ड पैसेंजर एमिनिटीज कमेटी के सदस्य नागेश नामजोशी ने बताया कि उन्होंने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंक अनिलकुमार गुप्ता के समक्ष यह मामला उठाया था। महाप्रबंक ने उन्हें भरोसा दिया कि टीही स्टेशन पर माल लदान सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जब तक धार और पीथमपुर के माल गोदाम शुरू नहीं हो जाते। इसकी व्यवस्था रेलवे कर रहा है।