भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारणी: पीएम आज पार्टी का एजेंडा करेंगे तय, अमित शाह ने की पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा

दिल्ली : भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी की दो दिवसीय बैठक रविवार से शुरू हुई. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से बैठक संपन्न होगी, जिसमें वह अर्थव्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष की आलोचना का जवाब दे सकते हैं. 

उस दिन हिंदुत्व विचारक दीन दयाल उपाध्याय की जयंती है. प्रधानमंत्री इस अवसर पर पार्टी के खास एजेंडों और प्रस्तावों की भी चर्चा करेंगे. अमित शाह ने बैठक के पहले दिन उन एजेंडों और प्रस्तावों की रूप-रेखा तय करने के लिए पदाधिकारियों, राज्य प्रमुखों और प्रमुख संगठन नेताओं के साथ विचार किया. बैठक में शाह ने पिछले एक साल में विस्तार अभियान की समीक्षा की.

महासचिव भूपेंद्र यादव ने बताया कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए 4100 विधानसभा सीटों पर पार्टी के चार लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने सरकार की विभिन्न विकास पहलों को लोगों के साथ साझा किया.