अहमदाबाद. नरेंद्र मोदी ने अमरेली के डभोई की रैली में कहा कि दो महापुरुष (बाबा साहब अंबेडकर और सरदार पटेल) कुछ साल और जीवित रहे होते तो 60-70 दशक में ही ये डैम बन जाता। जिन लोगों के लिए देश से बड़ा दल रहा है, उन्होंने हमेशा सरदार सरोवर का विरोध किया। रविवार को मोदी ने 67th बर्थडे गुजरात में मनाया। सबसे पहले उन्होंने गांधीनगर में पिछली बार की तरह ही मां हीराबा से आशीर्वाद लिया। इसके बाद 138.68 मीटर ऊंचे और 65 हजार करोड़ लागत से बने सरदार सरोवर डैम का इनॉगरेशन किया। बता दें कि 3 दिन में मोदी का ये दूसरा गुजरात दौरा है। इससे पहले 13-14 सितंबर को जापान के पीएम शिंजो आबे की विजिट के चलते मोदी अहमदाबाद में थे। मोदी की स्पीच के 10 प्वाइंट्स...
1. पहले ही सुजलाम सुफलाम बन गया होता भारत
- मोदी ने कहा, "मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि आज देश के दो महापुरुष सरदार पटेल और बाबा साहब अंबेडकर कुछ और साल जीवित रहते तो भारत पहले ही सुजलाम सुफलाम बन गया होता। आपके सपनों को पूरा करने के लिए जी-जान एक कर दूंगा। हमें एक नया इंडिया बनाना है। मां नर्मदा, साबरमती और देश के महापुरुषों के आशीर्वाद से नया भारत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। ये मेरा पूरा विश्वास है।"
2. वर्ल्ड बैंक ने फंड देने से किया था इनकार
- "दुनिया की कई तकलीफें मां नर्मदा को झेलनी पड़ीं। वर्ल्ड बैंक ने सरदार सरोवर डैम के लिए फंड देने से इनकार कर दिया। कहा कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा, लेकिन हमने भी कसम खाई थी कि अपने खून-पसीने की कमाई से इसे पूरा करेंगे। गुजरात में भूकंप के बाद हुए विकास कार्यों के लिए वर्ल्ड बैंक को गुजरात को अवॉर्ड देने को मजबूर होना पड़ा।"
3. डैम इंजीनियरिंग का चमत्कार
- "देश के पूर्वी राज्यों में पानी विकास में अहम रोड़ा बना है। ज्यादा हो तो भी परेशानी और कम हो तो दूर-दूर तक इसकी तलाश में जाना पड़ता है। गुजरात के सीएम रहते मैंने बॉर्डर इलाकों में सैनिकों की परेशानियों का जाना था। ऊंटों की मदद से वो पानी लेकर आते थे।"
- "मैंने कसम खाई थी कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के लिए 700 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई और मां नर्मदा का पानी उन तक पहुंचाया। ये इंजीनियरिंग का एक चमत्कार है। स्टूडेंट्स को इस प्रोजेक्ट को अपने रिसर्च वर्क में शामिल करना चाहिए।"
4. साधु-संन्यासी भी सरदार सरोवर के लिए अनशन पर बैठे
- "मैंने देखा है कि गुजरात के साधु-महात्मा भी सरदार सरोवर के लिए अनशन पर बैठे। जब वर्ल्ड बैंक ने फंड देने से इनकार किया तो साधुओं ने मंदिरों के चंदे से पैसा दिया। महिलाएं तीन-तीन किलोमीटर तक पीने के लिए पानी लेने जाती थीं। वो पशु जो बोल नहीं पाते, पीने के लिए पानी और खाने के लिए घास के लिए 200 किलोमीटर तक पैदल चले जाते थे। अब उन्हें भी पानी और चारा मिलेगा। अबोल पशुओं का भी आशीर्वाद मेरे लिए मायने रखता है।"
5. हमारे लिए दल से बड़ा देश
- "हमारे लिए दल से बड़ा देश है, जिन लोगों के लिए देश से बड़ा दल था, उन्होंने डैम का विरोध किया था।"
6. सरदार जिस सम्मान के हकदार थे, उन्हें वो नहीं मिला
- "सरदार पटेल ने कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक देश को एक करने का महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन जिस सम्मान के वो हकदार थे, उन्हें नहीं मिला। मैं चाहता हूं कि आने वाली पीढ़ियों में सरदार पटेल का नाम अमर रहे। हमने ठान लिया था कि गुजरात में सरदार साहब की 190 मीटर ऊंची प्रतिमा लगाएंगे। ये अमेरिका की स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से भी दोगुनी ऊंचाई होगी। आप देख लेना, ये टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनेगी और रोजाना लाखों लोग यहां आएंगे। लोगों को रोजगार मिलेगा।"
7. आदिवासियों को सम्मान मिलना चाहिए
- "देश में आजादी के इतिहास को भुला दिया गया है। मेरे आदिवासी भाइयों ने आजादी में बड़ा बलिदान दिया। अंग्रेज उन्हें फांसी पर लटका देते थे, लेकिन वो झुकने को तैयार नहीं हुए। देशभर के आदिवासियों को सम्मान मिलना चाहिए। आजादी के जंग में उनके बलिदान को आने वाली पीढ़ियों को दिखाने के लिए उनके डिजिटल म्यूजियम बनाए जाएंगे।"
8. मार्शल अर्जन सिंह में गजब का जज्बा था
- "मैं कुछ दिन पहले एक प्रोग्राम में उनसे मिला था। उनकी रगों में डिसिप्लिन कूट-कूट कर भरा था। वो मुझे देखकर खड़े होने लगे तो मैंने कहा कि मार्शल आपको खड़े नहीं होना चाहिए। कल जब उन्हें हार्ट अटैक आया तो मैं उनसे मिलने गया। शरीर साथ नहीं दे रहा था, लेकिन उनका जज्बा देखते ही बनता था। हमेशा पूरी यूनिफार्म में आते थे। मैं वीर योद्धा को श्रद्धांजलि देता हूं और आशा करता हूं कि देश की युवा पीढ़ी मार्शल के जज्बे और अनुशासन से प्रेरणा लेगी।"
9. शिवराज की तारीफ की
- "मैं शिवराज सिंह चौहान को बधाई देता हूं कि उन्होंने नर्मदा को बचाने के लिए अभियान चलाया। नदी के आसपास पेड़ लगवाए। मैं मध्य प्रदेश की जनता को भी बधाई देता हूं।"
10. सरदार सरोवर किसी एक राज्य का नहीं
- "नर्मदा का पानी, पानी नहीं पारस है। जब पारस लोहे से मिलता है तो वो सोना हो जाता है। मैंने देखा है कि पश्चिमी भारत पानी के लिए तरसता है और पूर्वी भारत बिजली और गैस के लिए। हमारी सरकार ने इन दोनों को पूरा करने के लिए कदम उठाए हैं। सरदार सरोवर डैम किसी एक राज्य का नहीं है।"

Post a Comment