राज्य मंत्री श्री सारंग द्वारा जनसंवाद पदयात्रा में ही समस्याओं का निराकरण

मंथनन्यूज भोपाल सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री विश्वास सारंग के निर्देश पर ब्रज कॉलोनी वार्ड 75 में नर्मदा पेयजल सप्लाई के पाईप दो घंटे में बदल दिये गये। राज्य मंत्री श्री सारंग ने आज जनसंवाद पदयात्रा के दौरान ब्रज कॉलोनी, रतन कॉलोनी आदि बस्तियों में 25 लाख रूपये की लागत की नालियों और आंतरिक सड़कों के निर्माण सहित लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। श्री सारंग ने पदयात्रा में अधिकारियों से कहा कि रतन कॉलोनी में रिक्त भूखण्ड में जमा पानी को तुरंत निकालें और भूखण्ड स्वामी को निर्माण का नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने सरदार पटेल स्कूल प्रांगण, करोंद में विद्युत समस्या निराकरण के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए।

राज्य मंत्री ने रतन कॉलोनी निवासी श्रीमती नन्नी बाई और श्री पन्नालाल को उपचार के लिए 5-5 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की। श्रीमती नन्नी बाई की शिकायत पर उनके पुत्र संतोष कुमार को समझाने और नहीं मानने पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

श्री सारंग से पदयात्रा में रतन कॉलोनी की छात्रा मानसी की स्कूल की फीस जमा कराने, एक परित्यक्ता महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने और उसके बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए। श्री सारंग ने श्रीमती दुर्गाबाई, श्रीमती जशोदा बाई सहित 15 से अधिक बुजुर्गों के सामाजिक सुरक्षा पेंशन के फार्म अपने सामने भरवाए। उन्होंने कहा अधिकारी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर पेंशन स्वीकृत करें। राज्य मंत्री ने पदयात्रा के दौरान साथ चल रहे चिकित्सक से एक दर्जन से अधिक लोगों का अपने सामने उपचार भी करवाया।

राज्य मंत्री ने पदयात्रा में लोगों को शराब का सेवन नहीं करने का संकल्प दिलाया गया। श्री सारंग ने नागरिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी।