भागवत से मिले मुरली मनोहर जोशी, शिक्षा नीति पर बातचीत

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक से पहले रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने संघ प्रमुख मोहन भागवत और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की।
murli manohar joshi bhagwat 2017109 121542 09 10 2017सूत्रों के मुताबिक कार्यकारी मंडल में नई शिक्षा नीति पर होने वाली चर्चा से पहले जोशी और संघ नेताओं के बीच इसी मुद्दे को लेकर बातचीत हुई है। गौरतलब है कि जोशी वाजपेयी सरकार में मानव संसाधन मंत्री रहे हैं। इसके साथ ही जोशी और भागवत के बीच केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर भी चर्चा हुई है।
संघ की कार्यकारी मंडल के लिए आरएसएस के देश भर के पदाधिकारियों के भोपाल पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी पहले ही भोपाल पहुंच चुके हैं। इसके अलावा सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, दत्तात्रेय होसबोले भी भोपाल पहुंच गए।
केरवा डैम स्थित शारदा विहार आवासीय विद्यालय में संघ की केंद्रीय टोली की एक बैठक भी रविवार को हुई। इसके अलावा मोहन भागवत ने कार्यकारी मंडल की बैठक की तैयारियों को लेकर मध्य भारत के प्रांत प्रचारक अशोक पोरवाल और सह प्रांत प्रचारक हेमंत मुक्तिबोध के साथ भी देर तक चर्चा की।
जोशी से मिले प्रहलाद पटेल
संघ की बैठक से इतर दमोह से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने रविवार शाम को मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। पटेल और जोशी के बीच करीब एक घंटे मुलाकात चली।