चित्रकूट में कांग्रेस तलाश रही पलायन करने वाले मतदाता

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल - मध्यप्रदेश विधानसभा की दो सीटों चित्रकूट और मुंगावली पर होने वाले उपचुनावों के लिए कांग्रेस सक्रिय दिखाई दे रही है। चित्रकूट में जहां पार्टी ने सूखे से पलायन करने वाले मतदाताओं पर नजर रखना शुरू कर दी है तो मुंगावली में कांग्रेस को सरकारी कॉलेज के निलंबन का मुद्दा हाथ लग गया है।
by elections 12 10 2017सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का प्रभाव है, लेकिन उन्होंने अभी वहां से दूरी बनाकर रखी है। सिंह दूर रहकर इस बार वहां के चुनाव पर नजर रखे हैं। सूखे की स्थिति के कारण जिले से मजदूरी की तलाश में लोगों का पलायन हो रहा है। ऐसे ही परिवारों के मतदाताओं पर ही कांग्रेस की नजर है। पलायन के कारण ऐसे मतदाताओं की फर्जी वोटिंग की संभावना है। कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को ऐसे परिवारों को चिन्हित करने की जिम्मेदारी दी है। 
वहीं वरिष्ठ विधायक महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के निधन से रिक्त हुई मुंगावली विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के पहले कांग्रेस को एक सरकारी कॉलेज के प्राचार्य के निलंबन का मुद्दा हाथ लग गया है। इस सरकारी कॉलेज के प्राचार्य ने क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से सांसद निधि से कॉलेज की लाइब्रेरी, फर्नीचर, वॉटरकूलर व अन्य सामग्री के लिए राशि मांगी थी।
इसके बाद सांसद सिंधिया मुंगावली प्रवास के दौरान कॉलेज में एनएसएस के एक कार्यक्रम में पहुंच गए थे। शासन ने इसमें राजनीतिक दल के बैनर-झंडे का इस्तेमाल करने को आधार बनाकर प्राचार्य को निलंबित कर दिया है। कांग्रेस ने इस निलंबन को मुद्दा बनाकर क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।