दीपाली हत्याकांड: 3 आरोपियों के डीएनए की मैचिंग होगी, ब्लड और बालों के सेंपल लिए गए

Image result for दीपाली हत्याकांडमंथन न्यूज़ -दीपाली हत्याकांड को लेकर एसडीओपी कार्यालय में गुरुवार को डीआईजी अनिल महेश्वरी ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक ली तथा अभी तक पुलिस द्वारा की गई जांच की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक, एएसपी राकेश खाका व जांच अधिकारी एम आर बगेन शामिल थे। एएसपी ने बताया कि दीपाली हत्याकांड को लेकर डीआईजी ने जिले के पुलिस अधिकारियों से जांच के विभिन्न बिन्दुओं की विस्तृत जानकारी ली। 

उन्होंने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता नहीं लग सका था। पकड़े गए आरोपियों का डीएनए जांच कर रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। अभी भी पुलिस हत्या और आत्महत्या को लेकर जांच कर रही है। सही तथ्यों की पड़ताल के लिए पुलिस ने मेडीको लीगल टीम भोपाल से संपर्क कर उनसे जांच में सहयोग मांगा था। मेडीको लीगल टीम भी जांच में लगी हुई है और संभवत: मंगलवार तक उसकी रिपोर्ट मिल जानी चाहिए। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच में लगे अधिकारी तय करेगें कि पुलिस को अब आगे किस दिशा में जांच करना है। अभी पुलिस ने इस मामले के सभी संदिग्ध लोगों एवं आरोपियों के ब्लड सेंपिल व बालों के सेंपल सहित अन्य सेंपल लिए गए हैं। जिनकी डीएनए जांच कर रिपोर्ट तैयार करवाई जा रही है, जिसकी मेचिंग की जाएगी। 

साइबर सेल की पांच सदस्यीय संभागीय टीम को भी बुलाया 
एएसपी ने बताया कि अब पुलिस की जांच बहुत ही सूक्ष्म तथ्यों को लेकर आगे बढ़ रही है। जिसमें डीएनए मैच के बाद उसकी एक प्रोफाइल तैयार की जाएगी। पीएम रिपोर्ट, फोटो ग्राफ्स, घटना स्थल, पानी की गहराई मृत्यु कब और कैसे हुई सहित अनेक बिन्दुओं को एक साथ जोड़कर घटना की तह तक पहुंचा जाएगा। पुलिस ऐसे किसी भी तथ्य को नहीं छोडऩा चाहती है, जो जांच को प्रभावित करते हों। साइबर सेल की पांच सदस्सीय संभागीय टीम को भी बुलाया गया है। जो अभी तक के सभी काल डिटेल के डाटा को खंगालेगी तथा उनसे प्राप्त तथ्यों को एकत्रित करके जांच में शामिल किया जाएगा।