मंथन न्यूज़ दतिया -लहार विधानसभा के रावतपुरा धाम में श्रीश्री 1008 रविशंकर महाराज के सानिध्य में 18 अप्रैल से 26 अप्रैल 2018 तक सामाजिक कुंभ और लक्ष्मीनारायण महायज्ञ होगा। आयोजन की तैयारियों के लिए शुक्रवार को प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने रावतपुरा थाम में बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री डॉ. मिश्रा ने श्रीश्री 1008 रविशंकर महाराज से मुलाकात की और कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी, एसपी प्रशांत खरे को तैयारियां करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रीश्री 1008 रविशंकर महाराज ने मंत्री को सामाजिक कुंभ के दौरान ही जरूरतों के बारे में बताया। मंत्री मिश्रा ने कहा रावतपुरा में होने वाले सामाजिक महाकुंभ में भारी तादाद में श्रद्धालु आएंगे। इनके लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हैंडपंप, पाइप लाइन की व्यवस्था समय सीमा में होनी चाहिए। मेडिकल कैंप होना चाहिए। कानून व्यवस्था की दिशा में सुरक्षा के इंतजाम होना चाहिए। रावतपुराधाम के आसपास में श्रद्धालुओं को आने जाने के लिए सीसी सड़क, मिट्टी मुरम सड़क की सुविधा की जाए। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरूआ, कलेक्टर इलैया राजा टी, एसपी प्रशांत खरे, सीईओ जिला पंचायत सपना निगम, अपर कलेक्टर टीएन सिंह और आश्रम संचालक मोहन सिंह गौर व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment