योगी के बाद एक्शन में शिवराज की पुलिस, MP में ताबड़तोड़ कार्रवाई

मंथन न्युज-उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद से गुंडों पर यूपी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की हिदायत के बाद एमपी पुलिस भी एक्शन में आ गई है। पिछले दो दिन से प्रदेशभर ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पुलिस इस कार्रवाई से गुंडे-बदमाशों में दहशत का माहौल व्याप्त है। रीवा में सोमवार को आईजी के निर्देश पर पुलिस ने गुंडा-बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया।

शहर के साथ ही गली-मोहल्लों से लगभग 50 आवारा युवकों को पडक़कर पुलिस कंट्रोल रूम से जुलूस निकाला। पुलिस ने उठक-बैठक लगवाने के साथ ही बदमाशों की जमकर खातिरदारी की। यह अभियान सिर्फ रीवा ही नहीं बल्कि सतना, सीधी, सिंगरौली सहित प्रदेश की राजधानी और बड़े शहरों में भी चलाया गया। मंगलवार और बुधवार को भी पुलिस का अभियान जारी रहा। कार्रवाई में हजारों युवकों को पकड़ा गया है। पुलिस की कार्रवाई से शहर में हडक़ंप मचा हुआ है। आवारा तत्वों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है जिसमें पुलिस सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी, आवारागर्दी करने वालों के साथ आदतन अपराधियों की धरपकड़ कर रही है।

सोमवार की रात पुलिस ने शहर के दो दर्जन स्थानों में दबिश दी। सिरमौर चौराहा, बस स्टैंड, धोबिया टंकी, शिल्पी प्लाजा के पीछे, सुभाष चौक अलग-अलग स्थानों से तीन दर्जन युवकों को पकड़ा है। इनमें से अधिकांश रात को सडक़ों के किनारे ठेलों व चार पहिया वाहनों में बैठकर शराब पी रहे थे। रात में जैसे ही पुलिस की गाडिय़ां पियक्कड़ों को पकडऩे के लिए निकली तो चौराहे खाली हो गए। आमतौर पर जिन चौराहों में आवारा युवकों का जमघट रहता था वे सोमवार की रात खाली नजर आए। सिविल लाइन पुलिस ने 8 युवकों को पकड़ा है। वहीं सिविल लाइन पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और 18 लोगों पर 110 की कार्रवाई कर चालान पेश किया। 10 लोगों को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा। वहीं विवि, समान, बिछिया, चोरहटा में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोगों को पकड़ा है। मंगलवार को सभी लोगों को एसडीएम कार्यालय व न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस अभियान में ऐसे स्थानों को टारगेट कर रही है जहां काफी संख्या में महिलाओं का आनाजाना होता है।

परिजनों ने जताई आपत्ति
शहर में शुरू पुलिस कार्रवाई पर परिजनों ने आपत्ति जताई है। कंट्रोल रूम में पकड़े गए युवकों के परिजनों ने पुलिस पर बेवजह पकडक़र बंद करने का आरोप लगाया है। घर के सामने से पुलिस पकडक़र थाने ले आई और बंद कर दी। एक महिला का आरोप था कि रात में साढ़े दस बजे उनका पुत्र अंडा लेने गया था जिसे पुलिस पकडक़र थाने उठा लाई। 
बीस साल सजा काटने के बाद फिर फंसा रही पुलिस 
शांतिभंग करने के आरोप में पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से ज्यादातर को जेल भेज दिया गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने राजू पुत्र गुलाम अहमद को गिरफ्तार कर तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया। राजू ने छोडऩे की गुहार लगाते हुए कहा कि १९८७ में ३०२ के केस में आजीवन कारावास काट कर आया हूं, परिवार पालने के लिए लकड़ी का टाल खोल लिया हूं, पुलिस फिर फंसाने में लगी है। जिउला के संजय चौधरी ने कहा कि जमीन को लेकर आपसी कहासुनी में पुलिस को जानकारी हुईतो सुबह पकड़ लाई। पांडेनटोला निवासी मनीष ने बताया कि घर के बाहर शाम को बैठा हुआ था। सिपाहियों ने कहा चलो टीआई साहब बुला रहे हैं। थाने पहुंचने के बाद वापस नहीं जाने दिया गया। मुझे अभी तक पता नहीं है कि मेरा अपराध क्या है। सभी को शांतिभांग के आरोप में जेल भेज दिया गया।

rewa

डीआईजी ने कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश
शाम को कंट्रोल रूम में शहर के थाना प्रभारियों को डीआईजी एनपी बरकड़े ने निर्देशित करते हुए कहा कि आप लोग अपने क्षेत्र के संपत्ति संबंधी अपराधियों, निगरानी बदमाशों व मादक पदार्थों की अवैध बिक्री करने वालों को टारगेट करें। शहर में शांति व्यवस्था बनाना हमारा पहली प्राथमिकता है। उससे किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब पीकर हंगामा करने व वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें।