मंथन न्युज- एक न्युज एक्सक्लूसिव बातचीत में सिंधिया कहते हैं, "दिग्विजय सिंह मेरे बुजुर्ग और आदरणीय हैं. उनके साथ मेरे हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे है. हम दोनों एक साथ मिलकर मध्य प्रदेश में सरकार बनाएंगे."
ज्योतिरादित्य सिंधिया के दिल्ली स्थित बंगले में बने दफ्तर में बड़े करीने से तस्वीरें सजाई गई हैं. इन तस्वीरों में एक छोटी सी तस्वीर सिंधिया की सोनिया गांधी से मुलाकात की भी है. इस तस्वीर में सोनिया गांधी और कांग्रेस का ये युवा नेता एक साथ बैठे हुए हैं. वहीं, उनके पीछे दिग्विजय सिंह और कमलनाथ जैसे दिग्गज नेता खड़े हुए हैं. तस्वीर से परे अगर सियासी बिसात की बात की जाए, तो क्या ये दोनों बड़े नेता सिंधिया के पीछे इसी मजबूती के साथ खड़े नजर आएंगे?
ऐसे ही सवाल पर सिंधिया ने स्वीकारने से गुरेज नहीं किया कि कांग्रेस में किसी दौर में मतभेद थे और उससे पार्टी को नुकसान भी हुआ. लेकिन, अब यह इतिहास की बात हो चुकी है.
सिंधिया कहते हैं, "दिग्विजय सिंह मेरे बुजुर्ग और आदरणीय हैं. उनके साथ मेरे हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे है. हम दोनों एक साथ मिलकर मध्य प्रदेश में सरकार बनाएंगे."
नर्मदा यात्रा पर उन्होंने कहा, "ये उनकी निजी यात्रा है. मैं उन्हें दाद देता हूं. दृढ़ इच्छाशक्ति से ही कोई ऐसी यात्रा पूरी कर सकता है. यह यात्रा समाप्त होने के बाद दिग्विजय सिंह भी हम सबके साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार बनाने में मदद करेंगे."
सिंधिया ने कहा, "कोलारस और मुंगावली उपचुनाव के नतीजों से संतुष्ट नहीं होना चाहिए. अभी हमारे पास आठ महीने है. मैं तो यह मानता हूं कि हमें महीनों की नहीं दिनों की गिनती करनी चाहिए. 240 दिन है और एक-एक दिन हमारे के लिए सोने के समान है. एक-एक दिन में हमें टारगेट को पूरा करना होगा."
'हार्दिक से हमारे अच्छे रिश्ते'
मध्य प्रदेश की राजनीति में हार्दिक पटेल की एंट्री पर सिंधिया ने कहा कि उनका स्वागत है. सिंधिया ने कहा, "हार्दिक से हमारा अच्छा रिश्ता है. अन्याय के खिलाफ लड़ने की इच्छा रखने वाले और समान विचारधारा वाले ऐसे व्यक्ति का स्वागत करता हूं. मेरी कई बार उनसे चर्चा हुई है. बीजेपी ने हार्दिक के खिलाफ साजिश रची, फिर भी वह दमदारी से लड़ रहा है."
बीएसपी पर गठबंधन के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि सभी के लिए दरवाजे खुले हैं. समान विचारधारा के लोग एक साथ मिलकर काम करना चाहिए. प्रत्यक्ष रूप से अभी किसी से कोई चर्चा शुरू नहीं हुई है.
कांग्रेस सांसद ने 'हार' पहनाने के सवाल को लेकर शिवराज पर तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा कि शिवराज को हार पसंद है. मुंगावली और कोलारस की जनता ने उन्हें 'हार' पहनाया है.
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की रणनीति पर क्या बोले सिंधिया?
सिंधिया ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की रणनीति से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए बताया कि बीजेपी सरकार की नाकामी, बेरोजगारी, किसानों की दिक्कतें, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था सहित महिला शिक्षिकाओं के मुंडन कराने जैसे मुद्द के जरिए शिवराज सरकार को घेरा जाएगा. साथ ही उन्होंने बताया कि यह चुनाव कांग्रेस के साख से ज्यादा मध्य प्रदेश की जनता की साख से जुड़ा हुआ है.
पंजाब की तरह मध्य प्रदेश में किसी चेहरे के साथ कांग्रेस चुनावी मैदान में जाएगी या नहीं, इससे जुड़े सवाल पर सिंधिया ने कहा कि एक ही फॉर्मूला हर जगह फिट नहीं होता. हाईकमान जैसा आदेश देगा, वैसा उसका पालन करूंगा.

Post a Comment