हुकूमत है बड़ी जालिम, कलम से आग बरसा तू

Image result for manthan news.inपूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के वार्षिक सांस्कृतिक और खेलकूद आयोजन प्रतिभा-2018 के अंतर्गत गुरुवार को स्वरचित काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी कविताओं से पत्रकारिता, समाज और देश की स्थिति को प्रस्तुत किया और महत्वपूर्ण संदेश भी दिए। प्रशांत मिश्रा ने अपनी कविता में एक ईमानदार और स्वाभिमानी पत्रकार को प्रस्तुत किया। प्रशांत ने कहा कि जाओ जाकर खरीद लो जो बिकते हो बाजारों में। मैं नहीं बिकने वाला, मैं हूं कड़क खुद्दारों में। युवा कवि पंकज कसरादे ने पत्रकार की जिम्मेदारी को बयां करते हुए कहा कि हुकूमत है बड़ी जालिम, कलम से आग बरसा तू।
दूसरे प्रतिभागी तेजस्वी ठाकुर ने प्रेम पर कविता पढ़ते हुए कहा कि हम दोनों में बस इतना फासला है। न तुझमें हौसला है, न मुझमें हौसला है। मुहम्मद मामून ने पिता के जीवन पर आधारित कविता प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि वो आज भी टूटे हुए चश्मे से अखबार पढ़ने का लुत्फ उठाते हैं, क्योंकि मेरे पापा आज भी पैसे बचाते हैं। इसके अलावा एस.योगेश्वर शांतनु, श्वेता रानी, शिवाली, निसर्ग, सुमैय्या सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी कविता से सभागार में उपस्थित निर्णायकों एवं अन्य लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
-परिधानिका प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बन गई
सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आरती सारंग ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रतिभा आयोजन में पहली बार शामिल हुई परिधानिका प्रतियोगिता सबके आकर्षण का केंद्र बन गई। परिधानिका के माध्यम से प्रतिभागियों ने भारत के विभिन्ना राज्यों की वेशभूषा और संस्कृति को प्रदर्शित किया। प्रतिभागियों ने आयोजन स्थल पर लघु भारत को साकार कर दिया। कोई जम्मू-कश्मीर की वेशभूषा में आया, तो कोई बंगाली साड़ी और कुर्ता-पायजामा पहनकर आया। किसी ने राजस्थानी रंगों को साकार किया, तो किसी ने केरल की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। आयोजन में पूर्वोत्तर राज्यों की भी झलक दिखाई दी। इसके साथ ही एकल गायन प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के संयोजन से भारतीय नववर्ष को प्रकट किया।प्रतिभा में प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता दो स्तरों पर आयोजित की गई। स्नातक और स्नातकोत्तर।
-आज के कार्यक्रम
प्रतिभा-2018 में शुक्रवार को एकल वाद्य, एकल अभिनय, समूह गायन और माइम की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। यह प्रतियोगिताएं प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक आयोजित की जाएंगी।