मैसूर : कर्नाटक विधानसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है. सभी राजनीतिक दल चुनावी समर में उतरकर एकदूसरे को चुनौती दे रहे हैं. बीजेपी और कांग्रेस का आपस में आलोचनाओं और आरोपों के हमले जारी हैं. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह दो दिन के कर्नाटक दौरे पर आए हुए हैं. राज्य की जनता को अपने पक्ष में करने के लिए शाह ने मैसूर का दौरा किया और सिद्धारमैया सरकार पर खुलकर हमला बोला. अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्याएं हो रही हैं और हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं.
शाही परिवार से मुलाकात
उन्होंने यहां मैसुरू पैलेस के रूप में विख्यात अंबाविलास में पूर्व शाही परिवार से मुलाकात की. उन्होंने शाही परिवार के प्रमुख यदुवीर कृष्णादत्ता चामाराजा वडियार, उनकी मां प्रामोदा देवी वाडियार और पत्नी तृषिका कुमारी देवी से मुलाकात की. शाह ने ट्वीट कर कहा, "मैसुरू के शाही परिवार के महाराजा यदुवीर, राजामाता प्रमोदा और महारानी तृषिका से शानदार मुलाकात हुई."
24 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या
शाही परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य के कांग्रेस शासन में भाजपा और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के कार्यकर्ताओं की हत्या की निंदा की. उन्होंने कहा कि राज्य में 24 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई और हत्यारों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई. शाह ने कहा, "वे लोग खुलेआम घूम रहे हैं. उन्हें और हत्या करने की इजाजत दी जा रही है. सिद्धारमैया सरकार का अंत नजदीक है और जब भाजपा यहां सरकार बनाएगी, हम दोषियों को पाताल से खोज निकालेंगे."
कर्नाटक की जनता नहीं करेगी गलती
इससे पहले अमित शाह मैसूर में ही सुत्तूर मठ गए और मठ के प्रमुख महंत से मुलाकात की. इसके अलावा यहां उन्होंने एक रैली को भी संबोधित किया. रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाने साधे. एक सभा में येदुरप्पा सरकार को सबसे भ्रष्ट सरकार बताने के मामले में अमित शाह ने इसे अपनी गलती माना. उन्होंने कहा कि ऐसा जबान फिसलने की वजह से हुआ. अमित शाह ने कहा, 'जबान फिसलने की वजह से मैंने सिद्धारमैया सरकार की जगह येदुरप्पा सरकार को भ्रष्ट बता दिया और पूरी कांग्रेस पार्टी खुशी से झूमने लगी. मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि मैंने भले गलती कर दी हो लेकिन कर्नाटक की जनता गलती नहीं करेगी.'
केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
बीजेपी अध्यक्ष ने अपने इस दौरे में राजेंद्र कलामंदिर में दलित नेताओं से भी मुलाकात की. दलित नेताओं से मुलाकात के दौरान कलामंदिर में विवाद हो गया. वहां मौजूद दलित नेता केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. स्थिति खराब होती देख अन्य नेताओं ने फौरन आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया. अनंत हेगड़े ने संविधान को लेकर टिप्पणी की थी.

Post a Comment