पेयजल व सड़कों की स्थिति में जल्द हो सुधार : डॉ. नरोत्तम मिश्रा

Image result for डॉ. नरोत्तम मिश्रामंथन न्यूज़ -प्रत्येक समिति में एक उपयंत्री तथा एक सामाजिक कार्यकर्ता को रखा जाए जो प्रतिदिन निगरानी कर पेयजल प्रदाय की स्थिति को देखें और कमियों को दूर करें। इसके साथ गलियों में चल रहे सीवर प्रोजेक्ट के बाद सीसी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से किया जाए। यह बात जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नवीन कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में नगर पालिका द्वारा पेयजल, सीवर तथा सीसी रोड निर्माण की समीक्षा करते हुए कही। पीएम आवास योजना में दतिया के प्रथम स्थान पर रहने पर कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ को बधाई दी। बैठक के दौरान ग्रामीण व शहरी पेयजल में कमी पाए जाने पर जल निगम के महाप्रबंधन डीके जैन को कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर मदन कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप माकिन, एसडीएम आशीष कुमार गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह बुंदेला, नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, उपाध्यक्ष योगेश सक्सेना सहित वार्ड पार्षद, ठेकेदार व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वप्रथम बड़ौनकलां, सीतापुर, उपरांय व सोनागिर आदि ग्रामों में सतही नलजल योजना के तहत जल निगम द्वारा बनाई जा रही टंकियों के जानकारी प्राप्त की गई। जिसमें बताया गया कि महाप्रबंधक जल निगम सूचना के बाद भी उपस्थित नहीं हुए तथा प्रगति भी धीमी है। जनसम्पर्क मंत्री ने जल निगम के ईई, कार्यपालन यंत्री को अनुपस्थित रहने तथा कार्य में देरी का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्य से पृथक करने के निर्देश दिए। दतिया पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री को प्रभार देने तथा एसडीएम वीरेन्द्र कटारे को ग्रामीण क्षेत्र में टंकी निर्माण में आ रहे अवरोधों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
नगर में पेयजल की समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन बृजेश करईया ने बताया कि नगर में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। अमृत योजना के तहत 132 किलोमीटर पाइप लाइन में से 90 किलोमीटर पाइप लाइन डाली जा चुकी है। दतिया शहर में सीवर लाइन के तहत जो सड़कें खोदी गई थी उनमें सीसी कार्य किया जा रहा है। जनसंपर्क मंत्री द्वारा जल प्रदाय की स्थिति में सुधार लाने के लिए सात समितियां बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक गली में पाइप लाइन डालने के उपरांत उसका दुरस्तीकरण करने के बाद ही दूसरा काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 दिन के पश्चात पुनः समीक्षा होगी और समीक्षा के दौरान स्थिति में सुधार न पाए जाने पर कार्रवाई होगी। बैठक के प्रारंभ विपिन गोस्वामी, मुकेश यादव, मौलाना तईब खांन, मान सिंह कुशवाहा, राकेश साहू आदि ने टंकियों के भर जाने के उपरांत पानी ओवरफ्लो हो जाने की शिकायत की। जिसके संबंध में जनसंपर्क मंत्री द्वारा ओवरफ्लो रोकने तथा समितियों द्वारा निगरानी की सख्त हिदायत दी।