NSG में शामिल होने को NPT पर दस्तखत नहीं करेगा भारत : केंद्र

vk singh lok sabha news 21 03 2018पूनम पुरोहित मंथन  न्यूज़ - केंद्र सरकार ने लोकसभा में बताया कि भारत परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में शामिल होने के लिए किसी पूर्व शर्त के तौर पर परमाणु हथियारों की अप्रसार संधि (एनपीटी) पर दस्तखत नहीं करने जा रहा है।
विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने बुधवार को एक लिखित जवाब में बताया कि एनएसजी की सदस्यता के लिए भारत का आवेदन समूह में अभी भी विचाराधीन है। भारत के आवेदन पर फैसले को लेकर सरकार लगातार एनएसजी और उसके सदस्य देशों के उपयुक्त स्तरों पर संपर्क में है।
विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि भारत एनएसजी की आंतरिक चर्चा को गुप्त रखने का इच्छुक नहीं है। लेकिन अब तक यह स्पष्ट हो चुका है कि भारत की सदस्यता से किसी भी देश का विरोध नहीं है। प्रक्रिया संबंधी आपत्ति केवल भारत की गैर-एनपीटी देश होने को लेकर है।
सिंह ने कहा कि एनपीटी पर भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एनएसजी में शामिल होने के लिए सरकार के समक्ष एनपीटी पर दस्तखत करने का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि भारत की एनएसजी की सदस्यता का चीन लगातार विरोध कर रहा है। हालांकि भारत को इस मुद्दे पर अमेरिका और फ्रांस समेत कई देशों का मजबूत समर्थन हासिल है।