. निवाड़ी में हुए दीपाली हत्याकांड की जांच में अब सीआईडी पुलिस भी निवाड़ी पुलिस का सहयोग करेंगी। डीजीपी के आदेश पर आज आई जी सीआईडी सागर निवाड़ी आये तथा दीपाली के परिजनों से मिले तथा उनकी बात सुनने के बाद मामले का शीघ्र खुलासा होने का भरोसा दिया।
लगभग एक पखवाड़े पूर्व हुए दीपाली दुबे हत्याकाण्ड की जांच अब सीआईडी पुलिस ने भी शुरू कर दी है। रविवार को सीआईजी आईजी केसी जैन ने निवाड़ी आकर दीपाली दुबे के परिजनों से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने दीपाली के पड़ोसियों से भी बात कर हर पहलू से मामले का परिक्षण किया। इस बीच आईजी जैन से नगर के द्वारिका दुबे, अनूप दुबे सहित अन्य लोगों ने मुलाकात की और स्थानीय पुलिस पर मामले में गुमराह करने के आरोप लगाए। स्थानीय लोगों ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
आलाधिकारी मौजूद: रविवार को इस संवेदनशील मामले में पुलिस के आलाधिकारी निवाड़ी में मौजूद रहे। आईजी सागर सतीश कुमार सक्सेना, एसपी कुमार प्रतीक, एएसपी राकेश खाखा, जतारा एसडीओपी एससी बोहित, पृथ्वीपुर लज्जाशंकर मिश्रा सहित अनेक पुलिस अधिकारी निवाड़ी में ही डेरा जमाए रहे। इन अधिकारियों से सीआईडी आईजी जैन ने एसडीओपी कार्यालय में जाकर मुलाकात की। यहां पर लगभग एक घंटे तक अधिकारियों के बीच मामले को लेकर मंत्रणा चलती रही।
जल्द हो सकता है खुलासा: दीपाली हत्याकाण्ड के मामले में नित नए मोड़ आते दिखाई दे रहे है। हाल ही में दीपाली के चचेरे भाई की मोबाईल रिकार्डिंग के बाद पुलिस का कहना था कि पुलिस अब आत्महत्या की दिशा में भी जांच करेगी। वहीं पुलिस दीपाली के मोबाईल और उसके बैग में सुसाईड नोट का पता लगाने की भी बात कह रही थी। यह बैंग ग्वालियर के किसी लड़के पास बताया जा रहा था। लेकिन इस दिशा में भी पुलिस को कोई सफलता नही मिली है। अब तक पुलिस इस मामले में न जाने कितने लोगों से मुलाकात कर उनके बयान ले चुकी है। लेकिन मामला खुलता नजर नही आ रही है। वहीं इस मामले को लेकर नगर में प्रतिदिन नई अफवाहें सुनने को मिल रही है। घटना के 18 दिन बीत जाने के बाद पुलिस के हाथ खाली है और जल्द ही मामले के खुलासे की बात कहीं जा रही है। लेकिन रविवार को पुलिस के आलाधिकारियों के एक साथ मौके पर पहुंचने से लोगों को लगा है कि पुलिस शायद हत्याकाण्ड का जल्द खुलासा कर देगी।

Post a Comment