पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -स्कूली शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह के कंधे में शनिवार देर रात तेज दर्द के बाद उन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। दाहिने कंधे में हो रही तकलीफ को देखते हुए शुरू में सीने में दर्द की बात सामने आई थी। प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने इसे खारिज कर मंत्री शाह को फ्रोजन शोल्डर की वजह से कंधा जाम होना बताते हुए कार्डिक अटैक की बात से इंकार किया है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मंत्री शाह की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद कलेक्टर अभिषेक सिंह, एसपी नवनीत भसीन सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्र के लोगों ने अस्पताल पहुंच कर हालचाल जाने।
रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोशनी में आयोजित आदिवासी समाज के होली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार रात खंडवा आए मंत्री शाह की रात 2.30 बजे तबीयत बिगड़ने पर पत्नी भावना शाह और स्टाफ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. ओपी जुगतावत और हड्डी रोग चिकित्सक डॉ. शक्तिसिंह राठौर ने अस्पताल पहुंच कर उपचार प्रारंभ किया। कंधे में तेज दर्द और बैचेनी के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
दर्द और बैचेनी के चलते पहले खबर मंत्री को सीने में दर्द की चर्चा से लोगों की भीड़ अस्पताल में लग गई। पत्नी और पूर्व महापौर शाह ने लोगों को समझाइश देकर लौटाने का प्रयास करती रही। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र के लोगों से मंत्री शाह की स्थिति सामान्य होने की जानकारी देते हुए उन्हें देखने के लिए खंडवा नहीं आने की अपील की है।
चखा दूध-दलिया
आईसीयू में भर्ती शाह ने सुबह 10 बजे अस्पताल में मरीजों को नाश्ते में वितरित होने वाला दूध और दलिया चखा। नाश्ता वितरित करने वाला कर्मचारी मंत्री को पहचान नहीं पाने से उसने नाश्ता लेने की पेशकश शाह से कर दी। इस पर उन्होंने बड़ी ही सहजता से हामी भर दी।
गुलाई का दौरा टला
रविवार को रोशनी में आयोजित सम्मेलन में मंत्री शाह नहीं जा पाने से दोपहर बाद पत्नी भावना शाह ने वहां पहुंच कर प्रतिनिधित्व किया। यहां भी उन्होंने क्षेत्रवासियों को मंत्रीजी के स्वास्थ्य की स्थिति से अवगत करवाया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी टि्वट कर मंत्री विजय शाह के स्वास्थ्य की जानकारी दी। उन्होंने जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम द्वारा उनका इलाज किए जाने की बात कही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष की शुगर कम
जिला अस्पताल में रविवार को दो वीआईपी भर्ती होने से दिन भर गहमागहमी बनी रही। मंत्री शाह के बाद आईसीयू में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त जिला पंचायत अध्यक्ष हसीनाबाई भाटे को भी भर्ती करना पड़ा। उनकी शुगर कम हो जाने पर तबीयत बिगड़ गई थी। लेटने में चक्कर आने और परेशानी होने से उन्हें बेड पर बैठाकर सिरींज लगानी पड़ी।
स्थिति में सुधार
फ्रोजन शोल्डर की समस्या के कारण दाहिने कंधे की मांसपेशियों में अकड़न आ गई है। इससे तेज दर्द होता है। प्रारंभिक उपचार के बाद दर्द में कमी है। एमआरआई और आगामी उपचार के लिए सोमवार इंदौर रेफर किया जा सकता है। फिलहाल स्थिति में सुधार है। सीने में दर्द जैसी कोई बात नहीं है। ईसीजी में भी सामान्य है। - डॉ. ओपी जुगतावत, सिविल सर्जन

Post a Comment