पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -पटवारियों को वरिष्ठता के आधार पर प्रमोशन की पात्रता होगी। महिला पटवारियों को शादी के बाद एक बार जिला कैडर बदलने की सुविधा मिलेगी। पटवारियों को ई-बस्ते के रूप में लैपटॉप दिए जाएंगे। जबलपुर में साइंस सेंटर स्थापित होगा। सीमांकन कराने के लिए विभाग निजी लोगों की सेवाएं भी लेगा।
विधानसभा में राजस्व, विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद ये घोषणाएं मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि भू राजस्व संहिता 1959 में संशोधन के लिए भूमि सुधार आयोग अध्यक्ष की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है। प्रदेश के 12 जिलों की 133 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है, राहत राशि के लिए 1582 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। सिंचित फसलों में नुकसान का मुआवजा 15 से 30 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है।
गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में 75 नई तहसील एवं एसडीएम कार्यालय बनाने का प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा। जनहानि के मामलों में एसडीओ को 4 लाख रुपए तक स्वीकृत करने के अधिकार दिए गए हैं। चर्चा के बाद सदन ने 4310 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपए की अनुदान मांगें ध्वनिमत से पारित कर दीं।
मंत्री ने बताया कि खसरे-खतौनी की नकल मोबाइल पर देने की व्यवस्था की जाएगी। भोपाल के बाद अब जबलपुर में भी साइंस सेंटर खोला जाएगा जिसके लिए भूआवंटन हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि एक ही संपत्ति की कई बार रजिस्ट्री न हो सके इसके लिए सख्त व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि अमले की कमी है लेकिन 400 नायब तहसीलदार की भर्ती हुई है।

Post a Comment