इंदौर। बिजली कंपनी बिल जनरेट करने और उसके भुगतान के लिए आधुनिक तरीका अपनाने जा रही है। उपभोक्ता को अपना बिल प्राप्त करना है तो उसे खुद के मीटर की फोटो खींचकर कंपनी के नंबर 1912 पर भेजनी होगी।
इसके बाद उसका बिल जनरेट करने की जिम्मेदारी कंपनी की होगी। इस तकनीक से उपभोक्ता अपने बिल से संतुष्ट हो सकेगा, साथ ही उसे अपनी पिछले और अगले महीने की रीडिंग का पता रहेगा। इससे गड़बड़ी होने की आशंका भी कम होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह सेवा आने वाले छह महीनों में जमीनी स्तर पर शुरू कर दी जाएगी।
बिजली कंपनी बिल और मीटर रीडिंग में आने वाली गड़बड़ी जैसी समस्याओं से निजात पाने के लिए नित नए प्रयोग कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी अधिकारियों को एक और तरीका सूझा है, जिसके माध्यम से उपभोक्ताओं को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। उपभोक्ता को वॉट्सएप पर यह सुविधा भी दी जाएगी कि यदि उसकी फोटो साफ नहीं आती है तो वह अपनी रीडिंग लिखकर ग्रुप पर भेज सकता है, उसी के आधार पर उसे बिल का भुगतान करना होगा। कंपनी अधिकारियों ने इस सुविधा के लिए प्लान तैयार किया है।

Post a Comment