नीतीश ने कहा- कई पीएम देखे पर मोदी सबसे अलग हैं, वह फ्रंट से लीड करते हैं


पटना.  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में फ्रंट से लीड करने की खासियत है। यही नहीं उनमें साहस है। यह उन्हें दूसरों से अलग बनाता है। एक लीडर में इसका सबसे अहम स्थान होता है। शासन का नेतृत्व करना, देश का नेतृत्व करना और आम जन का नेतृत्व करना यही एक लीडर की सफलता का सबसे बड़ा मानक है।

नीतीश कुमार पत्रकार उदय माहूरकर  की किताब ‘सवा अरब भारतीयों का सपना’ के हिन्दी संस्करण के लोकार्पण के अवसर पर लोगों से रूबरू थे। सीएम ने कहा कि उन्होंने कई प्रधानमंत्रियों को देखा है। उनमें से कई ऐसे थे जिनमें फ्रंट से लीड करने की क्षमता नहीं थी।

शराबबंदी के पीछे निश्चय था और इसी से मिली सफलता

नीतीश ने कहा- यदि लीडर सफलता का श्रेय लें तो असफलता की जिम्मेवारी भी उसी गंभीरता से स्वीकार करें। देश में सबसे अधिक समय तक कांग्रेस का शासन रहा है, उसमें यह बात देखने को मिलती कि नेता सफलता का श्रेय तो लेते हैं लेकिन असफलता दूसरों के ऊपर थोप देते हैं। उन्होंने कहा कि शासन चलाना हिम्मत का काम है। शराबबंदी का निर्णय लिया तो एक निश्चय था और इसी ने उन्हें सफलता दिलायी।