उत्तर कोरिया से बातचीत में समय बर्बाद मत करो, राष्ट्रपति की विदेश मंत्री को नसीहत

वाशिंगटन, रायटर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ही विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन को सलाह दी है कि वह उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ बातचीत में अपना समय बर्बाद न करें। ट्रंप की यह टिप्पणी उन खबरों के बाद आई है जिनमें टिलरसन की ओर से उत्तर कोरियाई के साथ वार्ता की बात कही गई थी।

ट्रंप ने रविवार को ट्वीट किया, ''मैंने विदेश मंत्री टिलरसन से कहा कि वह लिटल रॉकेट मैन के साथ बातचीत में अपना समय मत बर्बाद करें..रेक्स अपनी ऊर्जा बचाइए, हम वह करेंगे जो करना जरूरी होगा।'' बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति उत्तर कोरिया के तानाशाह को 'रॉकेट मैन' कहते हैं। इससे पहले टिलरसन ने कहा था कि अमेरिका यह जांचने की कोशिश कर रहा है कि उत्तर कोरिया बातचीत के लिए इच्छुक है या नहीं और इसके लिए कई सीधे माध्यमों से प्योंगयांग से बात की गई।

यह पहला मौका था जब ट्रंप प्रशासन की ओर से प्योंगयांग के साथ किसी तरह की वार्ता की बात कही गई थी। चीन की यात्रा के दौरान टिलरसन ने यह उम्मीद भी जताई थी कि उत्तर कोरिया के साथ तनाव में कमी आएगी।