2 हजार होमगार्ड जवानों को किया जाएगा नियमित : सीएम

Image resultपूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -सीएम शिवराज सिंह चौहान के निवास पर आयोजित सम्मेलन में सीएम ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान जो 2 हजार होमगार्ड जवान रखे गए थे, उन्हें नियमित किया जाएगा। सभी जवानों को 20 हजार रुपए महीना दिया जाएगा। इस पर सरकार को हर साल 75 करोड़ रुपए से ज्यादा का भार आएगा। सीएम हाउस में 'निष्काम सेवा' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, इसमें होमगार्ड सैनिक भी मौजूद थे। इस दौरान सीएम ने जवानों को अभिनंदन पत्र भी दिया।
सीएम ने कहा- हम होमगार्ड सैनिकों के हितों का पूरा ध्यान रखेंगे, लेकिन आप भी संकल्प लें कि प्रदेश की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। संकल्प लीजिए कि जो भी काम मिले, उसे पूरी ईमानदारी, पूरी प्रामाणिकता, पूरी दक्षता से करेंगे। उसमें कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अपनी सेवा से एक नया इतिहास रचेंगे। एक नया मध्यप्रदेश बनाएंगे। आज यह संकल्प लें कि बाढ़, बरसात, आग, विभिन्न तरह के संकट, लॉ एंड ऑर्डर की सुनिश्चितता जैसे जो भी काम हम करेंगे पूरी दक्षता, ईमानदारी, प्रामाणिकता व क्षमता के साथ करेंगे, कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अपनी सेवा के साथ एक नया इतिहास रचेंगे।
सीएम ने होमगार्ड सैनिकों से कहा कि मुझे आपकी क्षमता पर विश्वास है और इस बात की खुशी है कि एक नई ताकत, नई क्षमता होमगार्ड के रूप में मध्यप्रदेश से जुड़ रही है। मध्यप्रदेश की जनता की सेवा करके मध्यप्रदेश के नवनिर्माण का कार्य आप लोग संभव कर दिखाएंगे।