मनचलों व छेड़छाड़ करने वालों को 7 दिन में नेस्तनाबूद कर दो, सीएम ने दिए निर्देश

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़  भोपाल -मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मैदानी पुलिस के आला अफसरों को दो टूक कहा कि मुझे एक्शन, एक्शन और केवल एक्शन चाहिए, बातें नहीं बनाएं। उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा अपराध की कमर तोड़ दो, जिससे लोगों में आत्मविश्वास जागे। सीएम ने अधिकारियों को सात दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि परिणाम नहीं देने वाले आईजी-एसपी को हटा दिया जाएगा।cm 18 03 2018
सूत्रों के मुताबिक सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोन के आईजी-एडीजी, रेंज के डीआईजी व जिलों के एसपी के सामने महिला अपराध को लेकर चिंता जताई। मैदानी अफसरों को उन्होंने आक्रामक ढंग से कहा कि आज सीधे निर्देश दे रहा हूं कि गुंडों पर सख्त कार्रवाई करो। मनचलों व छेड़छाड़ करने वालों को छोड़ा न जाए। इनको नेस्तनाबूद कर दो। जहां महिलाएं-बेटियां आती जाती हैं या ऐसी जगह जहां इस प्रकार की घटनाएं होती हैं और गर्ल्स हॉस्टल व कॉलेज के आसपास पुलिस सक्रिय दिखना चाहिए। उन्होंने भोपाल और इंदौर में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान की प्रशंसा भी की।
सूत्र बताते हैं कि प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए सीएम ने जबलपुर, भोपाल जैसे शहरों में हाल ही में हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरे कहने के बाद कार्रवाई हुई और अभी भोपाल-इंदौर के साथ धार व पन्ना में अच्छा काम हो रहा है। सीएम ने कहा सात दिन बाद फिर से समीक्षा करेंगे, जिनके काम अच्छे होंगे उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। मगर जिनके कामकाज संतोषप्रद नहीं होंगे, उन्हें हटाया जाएगा।
गुंडों व मनचलों पर कार्रवाई हो
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सीएम ने सभी मैदानी पुलिस अफसरों से कहा कि गुंडों व मनचलों के साथ सख्ती से कार्रवाई की जाए। इनकी पहचान कर उनको छोड़ा नहीं जाए। ऐसे लोगों पर कार्रवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये हैं प्रमुख निर्देश
- महिला अपराध में नॉन टॉलरेंस की स्थिति दिखे।
- महिलाओं के साथ घटने वाले अपराधों के घटनास्थल चिह्नित किए जाएं।
- महिला कोई शिकायत करती है तो तुरंत दर्ज की जाए।
- पुराने गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।