पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ लखनऊ - कांग्रेस अधिवेशन में अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा अपनी पार्टी की तुलना पांडवों और भाजपा की कौरवों से करने पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भगवान राम के अस्तित्व को ही नकारने वाली पार्टी अपनी तुलना पांडवों से करना चाहती है।
निर्मला सीतारमण ने राहुल के संबोधन को तथ्यहीन और एक हारे हुए व्यक्ति का भाषण करार दिया। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदुओं और हिंदू रीति-रिवाजों का मजाक उड़ाने का भी आरोप लगाया। रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी भी कांग्रेस पुजारी और भाजपा पुजारी के बारे में नहीं सुना। दरअसल, राहुल गांधी ने पार्टी अधिवेशन में मंदिरों के अपने हालिया दौरों में पुजारियों से मुलाकात और उनसे हुए संवाद के बारे में एक किस्सा सुनाया था।
भ्रष्टाचार के मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भगोड़े नीरव मोदी और ललित मोदी से जोड़ने के राहुल गांधी के प्रयास पर सीतारमण ने इसे मनगढ़ंत व्याख्या करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल खुद नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं और उनका उपनाम राष्ट्रपिता के नाम पर है, लेकिन क्या उनमें महात्मा की छवि है। साथ ही कांग्रेस वही पार्टी है जिसे 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल होने पर जनता ने सत्ता से उखाड़ फेंका था। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर राहुल के हमले का जवाब देते हुए सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं जबकि भाजपा अध्यक्ष को अदालत बरी कर चुकी है। उत्तर प्रदेश और बिहार के उपचुनावों में भाजपा की हार पर राहुल के वार का जवाब देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि इन स्थानों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त हो गई।
वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए वह (राहुल गांधी) भूल गए कि उन्होंने सिखों का नरसंहार किया, उन्होंने ही मीडिया को सेंसर किया। लिहाजा, पहले उन्हें अपने गलत कामों के लिए माफी मांगनी चाहिए।

Post a Comment